निर्वाचन कार्य में न हो लापरवाही, सब अपनी जिम्मेदारी समझें- कलेक्टर प्रियंक मिश्रा
स्थानीय निर्वाचन को लेकर नोडल अधिकारियों की बैठक का हुआ आयोजन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने की तैयारी की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश
(कटनी) – पंचायत निर्वाचन कार्य में किसी तरह की कोई लापरवाही न हो। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें और उस आधार पर काम करें। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जो भी पत्र जारी हों, उनकी जानकारी तत्काल दें। कोई दिक्कत हो तो पहले से ही उसको लेकर अधिकारियों से चर्चा कर स्थिति को स्पष्ट कर लें। स्थानीय निर्वाचन को लेकर कलेक्ट्रेट में आयोजित नोडल अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सभी के प्रशिक्षण समय पर हों और स्ट्रांग रूम आदि की व्यवस्थाएं दुरूस्त हों, इसको प्राथमिकता से पूरा कराएं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी साधना परस्ते से पंचायत चुनाव की तैयारी के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। नाम निर्देशन के लिए तय किए गए स्थानों व क्लस्टर के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही श्री मिश्रा ने जिन स्थानों पर नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाने हैं, वहां की व्यवस्था पहले से देखने के लिए सभी एसडीएम को निर्देश दिए। साथ ही फार्म जमा करने के प्रत्येक स्थल पर सुरक्षा को लेकर पुलिस भी तैनात रहे, इसके लिए पुलिस विभाग से समन्वय बनाते हुए व्यवस्था करने के निर्देश प्रदान किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने मतदान दलों, मतगणना दलों के संबंध में जानकारी ली और मतदान दलों में महिलाओं की ड्यूटी भी लगाने के निर्देश प्रदान किए। साथ ही मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से नाम निर्देशन पत्र जमा करने के स्थल पर जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जानी हैं, उनका प्रशिक्षण कराने के भी निर्देश दिए।
नाम निर्देशन पत्र जमा करने के स्थानों पर कराएंगे मॉकड्रिल
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में नाम निर्देशन पत्र जमा करने के स्थलों पर प्रथम चरण की प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व तैयारी को लेकर मॉकड्रिल कराने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा अभ्यर्थियों को फार्म के साथ जमा किए जाने वाले बिजली विभाग के अदेश प्रमाण पत्र को लेकर भी बिजली विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर सिंगल विंडो के माध्यम से उसी दिन प्रमाण पत्र प्रदान करने की व्यवस्था करने के भी निर्देश कलेक्टर ने दिए।
निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारियों की कराएं सेंपलिंग
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने बैठक में चुनाव कार्य में संलग्न किए जाने वाले पीठासीन अधिकारी सहित अन्य कर्मचारियों का कोविड टेस्ट अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश प्रदान किए। परिवहन व्यवस्था को लेकर वाहनों का अधिग्रहण करने व उनकी पहले से जांच कराने और जीपीआरएस सिस्टम सभी में लगे हों, यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश प्रदान किए। अधिकारी, कर्मचारियों के प्रशिक्षण को लेकर कलेक्टर श्री मिश्रा ने व्यवस्थित रूप से ट्रेनिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ईवीएम प्रबंधन को लेकर भी संलग्न अधिकारी, कर्मचारियों का प्रशिक्षण कराएं और स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं को एक बार से सभी एसडीएम स्थल पर जाकर जांच लें। स्ट्रांग रूम में सुरक्षा व्यवस्था व फायर सेफ्टी की विशेष रूप से जांच कराने के निर्देश कलेक्टर श्री मिश्रा ने दिए।

