कोतवाली पुलिस ने दो क्विंटल गांजा के साथ चार गांजा तस्कर गिरफ्तार
(कांकेर) जिले की कोतवाली पुलिस ने 03 लग्जरी वाहनों से गांजा लेकर ओडिशा से मध्यप्रदेश जा रहे चार गांजा तस्करों संजय जाटव पिता भंवर सिंह, दीपक सामंतो पिता रंजन सामंतो, योगेश अटेरिया पिता रमेशचंद अटेरिया एवं कपिल चकोटिया पिता लक्ष्मण चकोटिया ,सभी निवासी ग्वालियर को बीती रात गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 202 किलो गांजा बरामद किया है।
कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य ओडिशा से एनएच 30 के रास्ते तीन लग्जरी वाहनों में गांजा ले जाया जा रहा है। जिस पर कोतवाली पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों आतुर गांव, कुलगांव और घड़ी चौक में चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान गांजे से भरी तीन वाहन स्विफ्ट, स्विफ्ट डिजायर और टवेरा से 202 किलो गांजा बरामद किया है। जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य 20 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपितों ने ओडिशा के कोरापुट से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के ग्वालियर लेकर जाना स्वीकार किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि बीती रात करीब डेढ़ से 02 बजे के बीच तीन चेक पोस्ट में तीन गाडिय़ों से 04 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल दाखिल कर दिया गया है।
