जनपद पंचायत मुख्यालयों पर होगी ईवीएम कमीशनिंग की कार्यवाही
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्धारित प्रोटोकॉल्स का पालन सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिये निर्देश
(कटनी) – त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2021-22 में जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन ईवीएम मशीनों की कार्यवाही के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन साधना परस्ते ने जिले के समस्त रिटर्निंग ऑफीसर पंचायत निर्वाचन 2021 को इस संबंधित जारी निर्देशों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार पंचायत निर्वाचन ईवीएम मशीनों के माध्यम से किया जाना है। जिनकी कमीशनिंग संबंधी कार्यवाही जनपद पंचायत मुख्यालय पर की जायेगी। कमीशनिंग की कार्यवाही के दौरान आयोग द्वारा जारी ईवीएम प्रोटोकॉल के साथ-साथ जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुये आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देशित किया गया है।
साथ ही कमीशनिंग स्थल पर मेटल डिटेक्टर, सशस्त्र पुलिस बल, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। प्रवेश द्वार को वनवे रखा जायेगा। केवल कमीशनिंग कार्य से संबंधित पहचान पत्रधारी शासकीय सेवकों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। कमीशनिंग स्थल पर कमीशनिंग कार्य के लिये 20 टेबल के मान से दल नियोजित किये गये हैं। प्रत्येक दल में एक तकनीकी अधिकारी, एक शिक्षक व लिपिक एवं एक भृत्य को रखा गया है। यथा संभव ईवीएम स्ट्रॉंग रुम के निकट कमीशनिंग की कार्यवाही सम्पन्न कराये जाने के लिये कहा गया है, जिससे ईवीएम परिवहन निर्बाद्ध रुप सम्पन्न किया जा सके।
