व्यवस्थित, सुगम व सुविधाजनक हो यातायात, मिलकर करें काम- कलेक्टर प्रियंक मिश्रा

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का हुआ आयोजन

व्यवस्था दुरूस्त रखने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दिए निर्देश

कटनी  जनसामान्य को सुगम व सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को किया गया। जिसमें कलेक्टर प्रियंक मिश्रा व पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने प्रस्तावों के आधार पर व्यवस्थित, सुगम व सुविधाजनक यातायात व्यवस्था को लेकर संयुक्त रूप से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में कहा कि लोगों को व्यवस्थित, सुगम व सुविधाजनक यातायात मिले, इसको लेकर सभी संबंधित विभाग मिलकर कार्य करें। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विजन-जीरो पर को लेकर सेफ स्पीड, सेफ व्हीकल, सेफ रोड व सेफ विहेवियर पर काम करते हुए यातायात को व्यवस्थित करने के भी निर्देश प्रदान किए।

            शहर में दुर्घटनाएं रोकने को लेकर बैठक में हुए चर्चा में कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर निगम व यातायात विभाग को संयुक्त रूप से भ्रमण कर नगरीय क्षेत्र में स्थान चिन्हित करते हुए स्पीड ब्रेकर बनाने व गति सीमा के बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा चिन्हित ब्लैक स्पॉटों में सुधार की आवश्यकता पर भी अधिकारियों ने भ्रमण कर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश प्रदान किए। कोतवाली तिराहा के पास लगने जाम की स्थिति न निर्मित हो, इसके लिए गांधीद्वार से झंडाबाजार मार्ग पर पाइप लगाकर बड़े वाहनों का प्रवेश रोकने के प्रस्ताव पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर निगम व यातायात विभाग से स्थल का निरीक्षण करते हुए एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही झंडाबाजार की ही तरह हनुमान मंदिर से विश्वकर्मा पार्क मार्ग में भी पाइप लगाने के प्रस्ताव पर कार्रवाई के लिए निर्देश प्रदान किए।

एम्बुलेंस उपलब्ध कराने कराएं व्यवस्था

            सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हाइवे के थानों में सडक दुुर्घटना होने पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था करने को लेकर चर्चा की गई। जिसमें कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने कहा कि कंट्रोल रूम को तीन मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसमें कॉल आते ही तत्काल एम्बुलेंस घटना स्थल पर पहुंचेगी। शहर में पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्थान चिन्हित करने व पेड पार्किंग की व्यवस्था कराने के निर्देश प्रदान किए। साथ ही सुभाष चौक में खाली पड़ी भूमि से फूल विक्रेता व ठेलों को हटाकर उनके स्थान पर स्थाई रेलिंग लगाते हुए वाहन पार्क करने की व्यवस्था करने के भी निर्देश प्रदान किए गए।

दुकान के बाहर समान रखने वालों पर करें कार्रवाई

            मुख्य मार्ग व बाजार क्षेत्र में व्यापारियों द्वारा दुकान की सीमा से बाहर समान रखा जाता है और दुकान के सामने ठेले भी खड़े कराए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। इस प्रस्ताव को लेकर कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी करने के निर्देशित किया। साथ ही कहा कि नगर निगम व यातायात विभाग सड़क पर सामग्री रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करे और प्रतिबंधात्मक आदेश का जो पालन नहीं करता है, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। शहर के हाइवे पर अंधे मोड़ में पेड़-पौधे व झाडियां उग आने से दुर्घटना का अंदेशा को देखते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने निरीक्षण कर स्थलों को सूचीबद्ध करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें