अगर आपके फ़ोन में नहीं है इंटरनेट तो उसके बिना भी यूपीआई से भुगतान करने की तैयारी

(नई दिल्ली) देश में जल्द ही ऑफलाइन डिजिटल भुगतान की सेवा शुरू हो सकती है। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने परीक्षण शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, इसको यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) लाइट नाम दिया जा सकता है।

सूत्रों का कहना है कि शुरुआत में यूपीआई लाइट के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में 200 रुपए तक के ऑफलाइन डिजिटल भुगतान की सुविधा दी जा सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 5 जनवरी को ही 200 रुपए तक के ऑफलाइन डिजिटल भुगतान को मंजूरी दी थी। फिनटेक फर्म रेजरपे के मुताबिक, मार्च 2021 में समाप्त तिमाही में कुल डिजिटल ट्रांजेक्शन में 50 फीसदी टियर-2 और टियर-3 शहरों से थे। हालांकि, गांवों और कस्बों में अभी भी नकद भुगतान की महत्ता है।

दो तरीकों का हो रहा परीक्षण

सूत्रों के मुताबिक, ऑफलाइन पेमेंट के लिए जिन दो तरीकों का परीक्षण हो रहा है उसमें सिम ओवरले और ओवर-द-एयर (ओटीए) शामिल हैं। सिम ओवरले में सिम कार्ड की कार्यक्षमता को बढ़ाकर उसे इंटरनेट के बिना भुगतान और अन्य सेवाओं के लायक बनाया जाता है। ओटीए फोन का ही एक फंक्शन जो सीधे डिवाइस के फर्मवेयर तक पहुंचने का समाधान प्रदान करता है। इसके अलावा नियर-फील्ड कम्यूनिकेशन (एनएफसी) जैसे विकल्पों का भी परीक्षण हो रहा है।

फीचर फोन से भी हो सकेगा भुगतान

एक अधिकारी के मुताबिक, यूपीआई लाइट के शुरू होने के बाद फीचर फोन से भी बिना इंटरनेट डिजिटल भुगतान किया जा सकेगा। हालांकि, भुगतान के विकल्प के आधार पर फीचर फोन में सॉफ्टवेयर या सिम अपडेट कराना होगा। दूरसंचार कंपनी के स्टोर से यह काम आसानी से कराया जा सकेगा।

यूजर को बनानी होगी यूपीआई आईडी

ऑफलाइन डिजिटल भुगतान के लिए यूजर को वर्चुअल भुगतान पता (वीपीए) बनाना होगा। इसको आमतौर पर यूपीआई आईडी कहा जाता है। भुगतान पाने वाले के पास भी यह यूपीआई आईडी होनी चाहिए। यह यूपीआई आईडी बैंक के अनुसार चार या छह अंकों की होगी।

 

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें