आपदा के समय सभी विभागों को पहले से पता हो अपनी भूमिका – कलेक्टर प्रिंयक मिश्रा
आपदा प्रबंधन को लेकर एनडीआरएफ की टीम के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का हुआ आयोजन
(कटनी) – जिले में कोई भी आपदा आती है तो उस समय हर विभाग को पता होना चाहिए कि उन्हें क्या करना है। आपदा के समय ही तैयारी न करनी पड़े और सभी विभागों को पहले से ही अपनी भूमिका पता होनी चाहिए। कटनी रेलवे का बड़ा जंक्शन है और यहां पर इंडस्ट्री, फायर सभी तरह की आपदा हो सकती है। जिसके लिए सभी विभागों को आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है। यह बात कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को आपदा प्रबंधन को लेकर मॉकड्रिल व मॉक एक्सरसाइज विषय को लेकर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल 11वीं बटालियन वाराणसी के अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कही। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सभी विभागों का एसओपी नगर व गांव आधारित होना चाहिए।
बैठक के दौरान एनडीआरएफ के असिसटेंट कमांडर दिनेश कुमार ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से आपदा से निपटने, मॉकड्रिल व मॉक एक्सरसाइज पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आपदा के समय स्थानीय प्रबंधन टीम ही काम करती है और इसके लिए मॉकड्रिल व मॉक एक्सरसाइज से एक-दूसरे की तैयारी व उपलब्ध साधनों के विषय में जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना के समय आखिरी दम तक परिजनों को फंसे हुए लोगों के सुरक्षित रहने की उम्मीद रहती है और टीम भी उसी आधार पर काम करती है।
असिस्टेन्ट कमांडर ने आपदा से निपटने के लिए विभागों की तैयारी, सभी विभागों का आपसी समन्वय, स्थानीय पब्लिक का सहयोग, मीडिया प्रबंधन सहित अन्य विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। एनडीआरएफ व जिला आपदा प्रबंधन की टीम द्वारा शनिवार को सेक्रेट हार्ट स्कूल परिसर में मॉकड्रिल का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक के दौरान एडीएम रोमानुस टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते, डिप्टी कलेक्टर संस्कृति शर्मा, डिप्टी कलेक्टर एमआर कोल, कंपनी कमांडर राजेश शर्मा, प्लांटून कमांडर श्वेता गुप्ता सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
