कार्यक्रम स्थल पर दुरूस्त रहें व्यवस्थाएं, पहले से अधिकारी स्थलों का कर लें निरीक्षण- कलेक्टर प्रियंक मिश्रा
समय सीमा की बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारी की समीक्षा कर कलेक्टर ने दिए निर्देश
(कटनी) – शहर व ग्रामीण क्षेत्र में जहां पर भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम होने हैं, वहां पर सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त करा लें। अधिकारी पहले से स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देख लें। कहीं पर भी अव्यवस्था न फैले और जिस अधिकारी को जो जिम्मेदारी दी गई है, वह अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी से करें। यह निर्देश कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय सीमा की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के कटनी कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा के दौरान दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कटनी में मिशन चौक ब्रिज के लोकार्पण, जिला अस्पताल व अंजुमन स्कूल परिसर में होने वाले कार्य के साथ स्लीमनाबाद में टनल निरीक्षण व आमसभा स्थल में तैनात किए गए अधिकारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने आने-जाने वाले मार्गों का पेंचवर्क कार्य कराने के साथ ही अतिक्रमण हटाने और स्टेज की व्यवस्था पर विशेष रूप से ध्यान देते हुए पहले से टेसिं्टग कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की गैलरी में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाने के भी निर्देश प्रदान किए। साथ ही मंच से जिन विभागों के हितग्राहियों को लाभांवित किया जाना है, उन विभागों को पहले से सूची व अन्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि बिजली विभाग के बिल माफी योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम कटनी में मुख्यमंत्री श्री चौहान के आगमन के दौरान हो सकता है और इसको लेकर पहले से विभाग तैयारी कर ले। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बिल माफी को लेकर की गई तैयारी की भी जानकारी ली और योजना का ग्राम पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में कहा कि जिन विभागों के कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास होना है, वे पहले से तैयारी कर लें ताकि कार्यक्रम के दौरान परेशानी न हो। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सीएम राइज स्कूलों की पूरी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि 8 अप्रैल तक अधिकारी, कर्मचारियों के अवकाश पूरी तरह बंद रहेंगे।
पानी की उपलब्धता व फारेस्ट फायर पर करें फोकस
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस के विभिन्न विषयों को लेकर भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जल स्त्रोतों की जीर्णोद्धार, कृषि विविधता और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, तालाबों में मत्स्य पालन की संभावनाओं आदि को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और निर्देश प्रदान किए। जिले के बहोरीबंद, रीठी, बिलहरी व स्लीमनाबाद में नगर परिषद के गठन को लेकर प्रस्ताव तैयार करने और अप्रैल व मई माह में पानी की उपलब्धता व फारेस्ट फायर पर फोकस करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने लंबित पत्रों व सीएम हेल्प लाइन के प्रकरणों की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश प्रदान किए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

