मध्यप्रदेश के 88 लाख उपभोक्ताओं का 6400 करोड़ से ज्यादा का बिजली बिल सरकार भरेगी- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री ने स्लीमनाबाद में किया ‘‘मुख्यमंत्री बिजली बिलों से राहत योजना’’ का शुभारंभ

(कटनी)  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को कटनी जिले के प्रवास पर थे। उन्होंने स्लीमनाबाद में ‘मुख्यमंत्री बिजली बिलों से राहत योजना’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मंच से घोषणा की कि कोविड काल की अवधि के प्रदेश के 88 लाख बिजली उपभोक्ताओं का 31 अगस्त 2020 तक का 6400 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल माफ कर दिया गया है, जिसे प्रदेश सरकार भरेगी। श्री चौहान ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री विद्युत बिलों से राहत योजना’ के तहत जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली बिल माफी के लिए शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को बिजली बिलों से राहत योजना का लाभ दे तथा उन्हें बिजली बिल माफी का प्रमाण पत्र दिलाएं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि प्रदेश सरकार प्रतिवर्ष 21 हज़ार करोड रुपए बिजली सब्सिडी में खर्च करती है। उन्होंने बताया कि कटनी जिले के कुल 5929.44 लाख रुपये के बिल इस योजना के शुभारंभ के साथ माफ कर दिए जाएंगे।

बहोरीबंद क्षेत्र में सिंचाई के लिए बनेगी माइक्रो लिफ्ट इरिगेशन योजना

स्लीमनाबाद एवं बहोरीबंद कॉलेज के नाम बदले

            मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बहोरीबंद-रीठी विधानसभा क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए बताया कि क्षेत्र में सिंचाई की समस्या को दूर करने के लिए माइक्रो लिफ्ट इरिगेशन योजना बनाई जाएगी ताकि क्षेत्र के सूखे खेतों की प्यास बुझाई जा सके। उन्होंने मंच से क्षेत्र के 159 गांव की जनता के पीने के पानी की योजना को भी मंजूरी दी। बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे द्वारा बहोरीबंद कालेज का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती करने, स्लीमनाबाद कॉलेज का नाम स्वामी विवेकानंद करने, बहोरीबंद के नवनिर्मित बस स्टैंड का नाम वीरांगना रानी अवंती बाई करने, बहोरीबंद में आगामी सत्र से वाणिज्य तथा विज्ञान की कक्षाएं प्रारंभ करने एवं आगामी सत्र से क्षेत्र में महाविद्यालय तथा रीठी में आईटीआई प्रारंभ करने की मांग की। जिसे मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंच से मंजुरी देने की घोषणा की।

15 तारीख से हर विद्यार्थी को मिलेगा 10 से 15 किलो मूंग

            मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्लीमानाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 15 तारीख से कक्षा पहली से पांचवी तक के प्रत्येक छात्र को 10 किलो मूंग दाल प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार छठवीं से कक्षा आठवीं तक के प्रत्येक छात्र को 15 किलोग्राम प्रति छात्र मूंग की दाल प्रदान की जाएगी। श्री चौहान ने मंच से कहा कि राशन वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन गड़बड़ी करने वालों पर एफआईआर करें, जेल भेजे तथा आवश्यक होने पर उनकी संपत्ति पर बुलडोजर चलाएं।

            मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंच से अन्नोत्सव योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के द्वारा सितंबर 2022 तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत 5 किलो प्रति व्यक्ति प्रतिमाह राशन प्रदान किया जा रहा है। इसी प्रकार प्रदेश सरकार द्वारा 5 किलोग्राम प्रतिव्यक्ति मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत राशन वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रतिमाह 7 तारीख को अन्नोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को प्रतिमाह राशन वितरण किया जाएगा। श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राशन वितरण से कोई गरीब ना छूटे, सभी अपना नाम जोड़ते हुए राशन जरूर प्राप्त करें। श्री चौहान ने गरीबी रेखा से ऊपर के व्यक्तियों को अपना नाम सूची से हटाते हुए गरीबों को लाभ देने का आह्वान भी किया।

भू-मािफयाओं को करें नेस्तनाबूतबेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि

            श्री चौहान ने माफिया मुक्त मध्यप्रदेश के संबंध में चर्चा करते हुए बताएं कि कटनी जिले में एक साल में 35 एकड़ भूमि भू-माफियाओं से मुक्त कराई गई। उन्होंने मंच से कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। महिलाओं एवं बेटियों पर बुरी नजर रखने वालों पर सख्त कार्यवाही करे। लाडली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित तीन बालिकाओं ने मंच पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनकी शिक्षा-दीक्षा एवं भविष्य के इंतजाम के लिये उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।

            श्री चौहान ने मंच से मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में प्रति परिवार जमीन का पट्टा वितरण किया जाएगा तथा व्यक्ति को जमीन का मालिक बनाया जाएगा। इस प्राप्त जमीन के पट्टे प्राप्त करने वाले व्यक्ति के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए इस वित्तीय वर्ष में 10000 करोड रुपए के प्रावधान किया गया है। छूटे हुये नाम आवास प्लस योजना में जोड़े जायेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि स्व सहायता समूह की महिलाओं की मासिक आय कम से कम 10 हज़ार रु प्रतिमाह हो। उन्होंने शहरी तथा ग्रामीण पथ विक्रेता योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, आयुष्मान योजना तथा प्रतिमाह आयोजित किए जा रहे रोजगार दिवस के बारे में जानकारी दी।

नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प ले क्षेत्रवासी

            मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में उपस्थित जनता को अपने गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने मंच से गांव को स्वच्छ एवं साफ रखने की जिम्मेदारी निभाने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनता से आग्रह किया कि प्रतिवर्ष विशेष अवसर या जन्मदिवस पर एक पेड़ अवश्य लगाएं। महिलाओं तथा बेटियों का सम्मान करें। उन्होंने जनता को पानी तथा बिजली बचाने की अपील की।

मंच से हुए हितलाभ का वितरण

            मुख्यमंत्री बिजली बिलों से राहत योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंच से बिजली बिल माफी के हितग्राही, मुख्यमंत्री उद्योग क्रांति योजना के हितग्राही, बैंक ऋण स्वीकृति प्राप्तकर्ताओं को अतिथियों ने हितलाभ प्रदान किया। अतिथियों ने एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम के तहत कटनी जिले की आंगनवाडि़यों के उन्नयन कार्य को प्रदर्शित करती पुस्तिका का विमोचन भी किया। कटनी जिले में 1700 से ज्यादा जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा आंगनबाडि़यों को गोद लेकर उनके उन्नयन के लिये 1 करोड़ 18 लाख की राशि खर्च की गई है।

            शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद खजुराहो एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वी.डी. शर्मा, वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, विधायक विजयराघवगढ़ संजय सत्येन्द्र पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, विधायक बहोरीबंद प्रणय प्रभात पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या क्षेत्र की जनता उपस्थित रही।

विकास कार्यों का हुआ भूमि पूजन एवं लोकार्पण

            कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान 423 करोड़ 96 लाख 43 हजार रुपये के विकास एवं निर्माण कार्येां की सौगात दी। जिसमें 357 करोड़ 70 लाख 65 हजार रूपये की लागत के विभिन्न विभागों द्वारा कराए गए कार्यों का लोकार्पण और 66 करोड़ 25 लाख 78 हजार रूपये की लागत से प्रारंभ होने वाले विभिन्न कार्यों की आधारशिला शामिल है।

            मुख्यमंत्री श्री चौहान कार्यक्रम में बड़वारा विधानसभा के 68 करोड़ 65 लाख 36 हजार रूपये के विकास कार्य का लोकार्पण किया और 24 करोड़ 36 लाख 8 हजार रूपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं विधानसभा क्षेत्र बहोरीबंद में 168 करोड़ 63 लाख 13 हजार रूपये के कार्यों के लोकार्पण व 24 करोड़ 97 लाख 61 हजार रूपये के कार्यों का भूमिपूजन, मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र में 109 करोड़ 99 लाख 39 हजार रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व 4 करोड़ 50 लाख 87 हजार रूपये के विकास कार्यों की आधारशिला मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रखी। इसी प्रकार विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ 42 लाख 77 हजार रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व 12 करोड़ 41 लाख 22 हजार रूपये के विकास कार्य का भूमिपूजन भी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान के हाथों किया गया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण विधायक प्रणय पांडे ने दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा क्षेत्र को दी गई सौगातो के लिए धन्यवाद भी दिया। कार्यक्रम का प्रारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में आभार विधायक विजयराघवगढ़ संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें