कटनी – द्वारिका भवन में लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के शुभारंभ का जिलास्तरीय कार्यक्रम हुआ आयोजित
पहली योजना, जो बचपन से युवा अवस्था तक बेटियों के साथ – कलेक्टर प्रियंक मिश्रा
(कटनी) – लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। जिसका अनुसरण दूसरे प्रदेश भी कर रहे हैं। योजना से प्रदेश की बेटियां जहां सशक्त हो रही हैं, तो वहीं बेटियों को आज समाज में सम्मान भी मिला है। यह बात जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की प्रधान ममता पटेल ने द्वारिका भवन में आयोजित लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के शुभारंभ अवसर पर जिलास्तरीय कार्यक्रम के दौरान कही।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिले के कोठी ग्राम में किये गये नवाचार पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार की यह योजना एक एैसी योजना है, जो बचपन से लेकर युवा होने तक बेटियों के साथ है। उन्होने कहा कि जिले की 5100 बच्चियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर धन्यवाद ज्ञापित किया है। यह कृतज्ञता का भाव स्वेच्छा से है और बेटियों ने इस माध्यम से जिले का गौरव भी बढ़ाया है।

जिलास्तरीय कार्यक्रम में अतिथि के रुप में भाजपा जिला अध्यक्ष रामरतन पायल, जनपद पंचायत कटनी प्रशासकीय समिति के प्रधान शैलेष कन्हैया तिवारी भी उपस्थित थे। अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर व कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिसके बाद मां तुझे प्रणाम योजना अंतर्गत बाघा बॉर्डर से लौटी जिले की बेटी कृतिका सेन, पूर्वा दुबे, सृष्टि दुबे और हिना पटैल का सम्मान किया गया। इसके अलावा जिले की लाड़लियों का भी मंच का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के शुरुवात में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह ने लाड़ली लक्ष्मी योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिलास्तरीय कार्यक्रम के दौरान लाल परेड ग्राउण्ड भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी एलईडी के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग अजय श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही व उनके अभिभावक भी मौजूद थे।

