दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ दिलाने सभी विभाग समन्वय के साथ करें कार्य- आयुक्त संदीप रजक

आयुक्त निः शक्तजन ने संबंधित विभागों की ली बैठकयोजनाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश

(कटनी)  जिले के दिव्यांगजनों को सरकार की योजनाओं को अधिक से अधिक लाभ मिले, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिले मंे विकासखंडवार शिविरों का आयोजन करें, जिसमें सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग के साथ ही अन्य संबंधित विभाग उपस्थित रहें। मौके पर ही जांच कर प्रमाण पत्र व आईडी तैयार कराने के साथ योजनाओं का भी लाभ दिलाने का प्रयास किया जाए। यह निर्देश आयुक्त निःशक्तजन मध्यप्रदेश संदीप रजक ने सभी विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में पूर्व महापौर शंशाक श्रीवास्तव भी मौजूद थे।

            श्री रजक ने कहा कि शासन दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की मंशा है और उसको लेकर सभी विभाग कार्य करें। उन्होंने  जिले में कन्या सामूहिक विवाह निकाह योजना अंतर्गत अधिक से अधिक दिव्यांग जोड़ों का विवाह कराने और जिला स्तर पर दिव्यांगों के लिए अलग से सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन करने की योजना बनाने के भी निर्देश दिए। कन्या विवाह योजना के साथ ही दिव्यांगों को अलग से दी जाने वाली राशि का भी व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश आयुक्त श्री रजक ने दिए। आयुक्त श्री रजक ने दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की विभागवार जानकारी ली और अधिक से अधिक पात्रों की यूडीआईडी जनरेट कराने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी पात्र बच्चों की आईडी 15 दिनों के अंदर जनरेट कराने के भी निर्देश बैठक में प्रदान किए गए।

नए, पुराने भवन हों बाधा रहित

            आयुक्त श्री रजक ने बैठक में पीआईयू, पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के अधिकारियों को सार्वजनिक भवनों को बाधा रहित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए भवनों में दिव्यांगों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था का ध्यान रखें। इसके अलावा पुराने भवनों व सार्वजनिक स्थलों पर भी सुविधा उपलब्ध हैं या नहीं, इसकी जांच कर व्यवस्था कराएं और न करने वालों पर कार्रवाई प्रस्तावित कराएं।

            परिवहन विभाग के माध्यम से दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आयुक्त ने बसों में दिव्यांगों के लिए सीट आरक्षण, 50 प्रतिशत किराया मंे छूट की जानकारी अंकित कराने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। पुलिस विभाग के अधिकारियों को सभी थाना, चौकियों में दिव्यांगों को रैंप, रेलिंग आदि की सुविधा देने के साथ ही उनके साथ हुई घटनाओं में विशेषज्ञों की मदद लेने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर व उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण संस्कृति शर्मा, एसडीओपी मुख्यालय शालिनी परस्ते, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा सहित परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निगम, पीआईयू, पीडब्ल्यूडी व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त श्री रजक ने बैठक के बाद जिला अस्पताल में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और दिव्यांगों के लिये उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें