जिला पंचायत सीईओ ने कार्य बंद पाए जाने पर दो पंचायत सचिवों व ग्राम सहायकों को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने किया विकास एवं निर्माण कार्यो का निरीक्षण
(कटनी) – जिला पंचायत के सीईओ जगदीश चंद्र गोमे ने बुधवार को विकासखंड बहोरीबंद के ग्रामों का भ्रमण कर जलाभिषेक अभियान के कार्यो, अमृत सरोवर निर्माण सहित अन्य योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। मौके पर निर्णय कार्य बंद पाए जाने पर दो पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सहायक से स्पष्टीकरण तलब के निर्देश दिए।
सीईओ श्री गोमे ने ग्राम पड़वार में निर्माणाधीन अमृत सरोवर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य बंद पाया गया और सचिव मनोहर पटेल तथा रोजगार सहायक नीलेश तिवारी अनुपस्थित मिले। इस पर श्री गोमे ने दोनों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम जुजावल में अमृत सरोवर का मौका मुआयना किया और वहां पर भी कार्य बंद पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही सचिव और ग्राम रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम कुआं में अमृत सरोवर का व्यवस्थित निर्माण होना पाया लेकिन कार्य की धीमी गति पर फटकार लगाते हुए तेजी लाने की हिदायत भी दी। श्री गोमे ने सलैया कुआं में भी अमृत सरोवर का कार्य देखा। सीईओ श्री गोमे ने ग्राम पाकर में अमृत सरोवर निर्माण कार्य, बाकल में पुष्कर धरोहर अंतर्गत जीर्णोद्धार कार्य और ग्राम पटोरी में निर्माणाधीन तालाब स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
सीईओ श्री गोमे ने उपयंत्रियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि अमृत सरोवरों की जलभराव क्षमता अधिक हो इसलिए बांध की ऊंचाई बढ़ाई जाए। श्री गोमे ने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया जाए।

