परिवार कल्याण साधनों के रख-रखाव और इंडेंट संबंधी कार्यशाला संपन्न
(भोपाल) परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत एफपीएलएमआईएस सॉफ्टवेयर के संबंध में उन्मुखीकरण के लिए बुधवार को जय प्रकाश चिकित्सालय में कार्यशाला संपन्न हुई। कार्यशाला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल डिस्पेंसरी के स्टोर कीपर एवं फार्मोसिस्ट को एफपीएलएमआईएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से परिवार कल्याण के साधनों को इंडेंट करने एवं रख-रखाव के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा परिवार कल्याण के विभिन्न साधनों के ऑनलाइन आपूर्ति एवं प्रबंधन के लिए फैमिली प्लैनिंग लॉजिस्टिक मैनेजमेंट इनफार्मेशन सिस्टम लागू किया गया है। जिसके माध्यम से परिवार कल्याण के विभिन्न साधनों जैसे कंडोम, अंतरा इंजेक्शन, छाया गोलियां, इमरजेंसी कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स, ओरल पिल्स, प्रेगनेंसी टेस्ट किट की आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है। जिला स्तर से लेकर ग्राम आरोग्य केंद्रों तक परिवार नियोजन के साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में यह सॉफ्टवेयर बेहद उपयोगी है। इसके माध्यम से आशा कार्यकर्ता अपने गांव क्षेत्र की परिवार कल्याण संबंधी आवश्यकताओं का प्लान कर स्वयं इन सामग्रियों की मांग कर सकती है। जिसकी आपूर्ति नजदीकी स्वास्थ्य संस्था के माध्यम से आशा कार्यकर्ता को कर दी जाती है ।
राज्य कार्यालय से श्री कृष्णपाल यादव एवं चाई संस्था के डॉ. ऋषि द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी, चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।
