MP Election Today Special : आरपीकेपी इंडिया न्यूज़ पर कटनी जिले की चुनाव से जुड़ी बड़ी खबरें
MP निकाय चुनाव: 18 जुलाई को होने वाली मतगणना की बदली जा सकती है तारीख
(भोपाल) मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव दो चरण में हो रहे हैं. पहले चरण का मतदान पूरा हो चुका है. वहीं दूसरे चरण का मतदान अब होना है. दो चरणों में चुनाव होने की वजह से निकाय चुनाव का रिजल्ट भी दो ही चरणों में आना है. ऐसे में प्रदेश में 18 जुलाई को होने वाली निकाय चुनाव की मतगणना एक खास वजह से आगे बढ़ाई जा सकती है.
राष्ट्रपति चुनाव के चलते बढ़ सकती है तारीख
दरअसल, 18 जुलाई को होने वाली स्थानीय निकाय चुनाव की मतगणना की तारीख आगे बढ़ाए जाने की मांग की वजह राष्ट्रपति चुनाव का मतदान बताया जा रहा है. गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव का मतदान है होना है. जबकि 18 जुलाई को ही नगर पंचायत नगर पालिका और नगर निगम की मतगणना है. ऐसे में निकाय चुनाव की मतगणना की तारीख बदलने की चर्चा नेता प्रतिपक्ष से हुई है.
गृह मंत्री ने कहा राष्ट्रपति निर्वाचन 2022 और नगरीय निकाय निर्वाचन 2022 की मतगणना एक ही दिन 18 जुलाई को होने से नेता प्रतिपक्ष से नगरीय निकाय की मतगणना की तारीख को आगे बढ़ाने सम्बन्धी चर्चा की है. क्योंकि मतदान के लिए सभी विधायक उस दिन भोपाल में रहेंगे. जबकि उनका मतगणना वाली जगहों पर रहना भी जरूरी है. ऐसे में तारीख बदलने पर विचार चल रहा है. जल्द ही इसकी जानकारी दी जाएगी.
हालांकि अब तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन जल्द ही इस मामले पर फैसला आ सकता है. बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग और निकाय चुनाव की मतगणना का दिन एक ही होने की वजह से यह स्थिति बनी है.

समाचार-1
उमस भरी गर्मी में पसीने से तरबतर होकर भी मतदाताओं ने पूरे जोश से किया मतदान
सुबह से ही मतदान केन्द्रों मे दिखी लंबी कतारें
(कटनी)– त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतिम चरण मे आज शुक्रवार को जिले के विकासखण्ड रीठी और बहोरीबंद मे लोगों ने बड़े उमंग से उत्साह पूर्वक मतदान किया। पहली बार मतदान कर रहे युवा मतदाता जहां मतदान के लिए रोमांचित थे, वहीं वृद्ध, महिला और दिव्यांग का भी उत्साह पूरे सवाब पर नजर आया। सुबह से ही मतदान केन्द्रों मे मतदाताओं की लंबी-लंबी लाईन लगी थी। पंच, सरपंच, जनपद सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन हेतु मतदान मतपत्र द्वारा हुआ। मौसमी उमस और चिपचिपी गर्मी की वजह से पसीने से तरबतर मतदाताओं ने बडे़ सब्र से मतदान हेतु अपनी बारी का इंतजार किया और शांतिपूर्ण ढंग के साथ पूरे जोश से मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।
दिव्यांग पुत्र ने पिता के साथ किया मतदान
विकासखण्ड रीठी के शासकीय माध्यमिक शाला देवगांव मे बने मतदान क्रमांक 27 का दृश्य मार्मिक और हृदयस्पर्शी हो गया, जब पिता चन्द्रकांत बर्मन अपने 27 वर्षीय दिव्यांग पुत्र आकाश बर्मन को लेकर मतदान करने पहुंचे। बर्मन मोहल्ला वार्ड नंबर 3 के रहवासी चन्द्रकांत ने बताया कि बोलने और चलनें मे असमर्थ है। उनका दिव्यांग बेटा आकाश सुबह से ही मतदान करने की जिद कर रहा था। मतदान के बाद आकाश के चेहरे मे खुशी के भाव स्पष्ट दिख रहे थे।
सास बहु नें किया मतदान
रीठी के शसकीय हाई स्कूल पटौंहा के मतदान केन्द्र क्रमांक 56 मे पहुंचकर यहां के वार्ड क्रमांक 3 नया टोला निवासी 87 वर्षीय रामकली बाई ने अपनी बहू गौराबाई के साथ पहुंचकर मतदान किया। वहीं विकासखण्ड बहोरीबंद के शासकीय हायर सेकेन्ड्री स्कूल बाकल मे बने मतदान केन्द्र क्रमांक 32 मे भी सास यशोदा रैदास के साथ घूघट ओढ़कर पहुंची 22 वर्षीय बहू पूजा चौधरी ने मतदान किया।

मामा की गोद मे बैठकर मतदान करने पहुंचा श्रेयांस
बहोरीबंद के शासकीय हायर सेकेन्ड्री स्कूल बाकल मे बने मतदान केन्द्र क्रमांक 32 मे वार्ड नंबर 13 निवासी 22 वर्षीय दिव्यांग श्रेयांस सिंह राजपूत ने अपने मामा मोती सिंह राजपूत की गोदी मे बैठकर मतदान करने पहुंचे। अस्थिबाधित दिव्यांग श्रेयांस ने अपनी तर्जनी मे लगे अमिट स्याही को दिखाकर मतदान कर चुकने की खुशी जहिर की।
दादी पोता ने किया मतदान
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाकल केे मतदान केन्द्र क्रमांक 32 मे 84 वर्षीय पार्वती बाई ने अपने पोते रमेश विश्वकर्मा के साथ पहुंचकर मतदान किया। वार्ड नंबर 13 विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी पार्वती बाई ने कहा – सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। बाकल के ही मतदान केन्द्र कमांक 31 मे 70 वर्षीय रमली बाई ने अपने पोते रमेश पटेल के साथ मतदान किया। जबकि रीठी के शासकीय माध्यमिक शाला देवगांव के मतदान क्रमांक 27 मे 67 वर्षीय गौरी बाई ने अपने 19 वर्षीय पोते आर.डी.यादव के साथ मतदान करने पहुॅचीं । यहां दादी -पोता दोनों ने ही मतदान किया।
दिव्यांग श्याम बाई ने देवगांव मे किया मतदान
रीठी के शासकीय माध्यमिक शाला देवगांव के मतदान केन्द्र क्रमांक 29 में यहां के वार्ड क्रमांक 10 की निवासी 58 वर्षीय श्याम बाई ने पूरे उमंग के साथ मतदान किया। दोनो पैरों से दिव्यांग श्याम बाई ने बैशाखी के सहारे पहुंचकर वोट डाला और लोकतंत्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन किया।
पहली बार मतदान कर रोमांचित युवा
युवाओं खासकर पहली बार मतदान करने के लिए पात्र युवाओं मे खासा उत्साह देखने को मिला। बहोरीबंद के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाकल के मतदान केन्द्र क्रमांक 31 में बजरंग तिराहा निवासी मेहरा परिवार की तीन बहनों ने एक साथ मतदान किया। इनमे कीर्ति, मोहनी और प्रीति झारिया शामिल है। इसी प्रकार रीठी के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवगांव के मतदान केन्द्र क्रमांक 27 मे साक्षी बर्मन और कंचन बर्मन ने पहली बार मतदान किया। दोनो ने ही कहा कि मतदान हमारा अधिकार है सबको मतदान करना चाहिए।

समाचार –3
कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रेक्षक, सीईओ जिला पंचायत ने लिया मतदान और मतगणना कार्य का जायजा
(कटनी)– त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतिम चरण मे जिले के विकासखण्ड क्षेत्र रीठी एवं बहोरीबंद निर्वाचन क्षेत्रों मे चल रहे मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेने शुक्रवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने विभिन्न मतदान केन्द्रों में पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जनपद क्षेत्र रीठी की ग्राम पंचायत पिपरिया परौहा, बड़गांव, अमगवां सहित अन्य मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होने नियुक्त मतदान कर्मियों से निर्वाचन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि अधिक जनसमुदाय होने की स्थिति मे पूर्व से ही मतदान परिसर के अंदर मताधिकार का प्रयोग करने आए मतदाताओं को निर्धारित समय पर टोकन प्रदान कर दिए जायें। ताकि कोई भी मतदाता मताधिकार से वंचित न रह सके। कलेक्टर श्री मिश्रा ने मतदान समाप्ति के उपरान्त मतगणना के लिये आवश्यक तैयारियों को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम प्रिया चन्द्रावत, डीएसपी शालिनी परस्ते सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
सीईओ जिला पंचायत श्री गोमे ने भी रीठी जनपद क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया
कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देश पर सी.ई.ओ. जिला पंचायत एवं जनपद क्षेत्र रीठी के निर्वाचन प्रभारी जगदीश चन्द्र गोमे ने शुक्रवार को जनपद क्षेत्र रीठी के विभिन्न ग्रामों देवगांव, पटौहा, देवरीकला, अमगवां के एवं अन्य मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री गोमे ने शांतिपूर्ण मतदान हेतु एकत्रित जनसमूह को पंक्तिबद्ध तरीके से मताधिकार का उपयोग कराने हेतु सुरक्षाकर्मियों को र्निदेश दिए एवं ग्रामीण जनों से भी धैर्य के साथ मतदान प्रक्रिया मे सहयोग करने का आग्रह किया।

प्रेक्षक श्री खरे ने जनपद क्षेत्र रीठी के बिलहरी के मतदान केन्द्रों का जायजा लिया
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक शैलेन्द्र खरे ने भी बहोरीबंद और रीठी जनपद क्षेत्र के ग्राम बिलहरी के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया इस दौरान मतदान कर्मियों को मतगणना के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। श्री खरे ने ग्रामीण जनों से भी संवाद करते हुए धैर्य एवं शांति के साथ मताधिकार का प्रयोग करने हेतु संवाद किया।
एसडीएम कटनी, बहोरीबंद एवं ढीमरखेड़ा ने भी दिनभर किये मतदान केन्द्रों के दौरे
जनपद क्षेत्र रीठी एवं बहोरीबंद के समस्त मतदान केन्द्रों का शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिये एसडीएम कटनी प्रिया चंद्रावत, एसडीएम बहोरीबंद संधमित्रा गौतम एवं एसडीएम ढीमरखेड़ा नदीमा शीरी ने भी विभिन्न संवेदनशील मतदान तथा अन्य मतदान केन्द्रों का निरंतर भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया की निगरानी की एवं मतदान कर्मियों व सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। मतदान केन्द्रों मे आवश्यक व्यवस्थाएं एवं निगरानी के लिये तहसीलदार विजय द्विवेदी, सीईओ जनपद ज्ञानेन्द्र कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार निधि तिवारी, ऋषि गौतम, रैना तामिया एवं अन्य अधिकारी भी मतदान केन्द्रों का भ्रमण करते रहे।

समाचार-4
मुख्यमंत्री 11 जुलाई को कटनी आयेंगे
(कटनी)- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का सोमवार 11 जुलाई को दोपहर 2..30 बजे निजी हेलीकॉप्टर द्वारा रीवा से कटनी आगमन होगा। मुख्यमंत्री यहां स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम 5.15 बजे हेलीपैड से निजी हैलीकॉप्टर द्वारा जबलपुर के लिये प्रस्थान करेंगे।
मतदाता वोटर स्लिप का शत्-प्रतिशत वितरण 10 जुलाई तक कराने के निर्देश
(कटनी)- राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय निर्वाचन में मतदाता सूची का जिला प्रशासन द्वारा वोटर स्लिप वितरण के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी साधना परस्ते ने अनुविभागीय अधिकारी व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगर निगम कटनी, तहसीलदार व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगर परिषद बरही को निर्देशित किया है कि नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के लिये मतदाता वोटर स्लिप का शत् प्रतिशत वितरण 10 जुलाई तक किया जाना सुनिश्चित करें।

