नगर निगम कटनी और नगर परिषद बरही की मतगणना कल प्रातः 9 बजे से
273 अभ्यर्थियों के भाग्य का होगा कल फैसला, मतगणना स्थल के चप्पे-चप्पे पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
(कटनी)- नगरीय निकाय निर्वाचन के द्वितीय चरण में 13 जुलाई को जिले के नगर निगम कटनी और नगर परिषद बरही में हुए मतदान की मतगणना 20 जुलाई को प्रातः 9 बजे से शुरू होगी। बुधवार की मतगणना से जिले के 273 अभ्यर्थियों के भाग्य का फैसला होगा।
नगर निगम कटनी की मतगणना पहरूआ कृषि उपज मंडी में तथा नगर परिषद बरही की मतगणना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही में होगी। दोनों मतगणना स्थलों में त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।
कृषि उपज मंडी में नगर निगम कटनी की होने वाली मतगणना के लिए गणना पर्यवेक्षक, सहायक और अन्य चुनाव कर्मी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। कृषि उपज मंडी के चप्पे-चप्पे में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। इस प्रकार पुलिस बल को मिलाकर करीब एक हजार 500 शासकीय कर्मी मतगणना संबंधी कार्य में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से शामिल रहेंगे।
प्रवेश पत्र जरूरी
मतगणना परिसर के अंदर जाने के लिए प्रवेश पत्र अनिवार्य रहेगा। बिना प्रवेश पत्र धारकों को बिल्कुल प्रवेश नहीं दिया जाएगा। राजनैतिक दलों और प्रत्याशियों सहित आम कार्यकर्ताओं को भी भीतर जाने की अनुमति प्रवेश पत्र के आधार पर ही दी जाएगी।
मोबाइल प्रतिबंधित
समूचे मतगणना स्थल में मोबाइल का उपयोग राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिबंधित किया गया है। केवल मीडिया सेंटर मंे मीडिया कर्मी व पत्रकार मोबाइल का उपयोग कर सकेंगे।
सुबह 8.30 बजे खुलेगा स्ट्रांग रूम
स्ट्रांग रूम मंे सील बंद रखी ईवीएम मशीनों को मतगणना दिवस पर प्रातः 8.30 बजे राजनैतिक दलों, प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों सहित निर्वाचन प्रेक्षक की मौजूदगी में बाहर निकाला जाएगा। साथ ही मतगणना स्थल में टेबिलों तक मशीनें पहुंचाई जाएंगी।
273 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
मतगणना से जिले के दोनों नगरीय निकायों को मिलाकर 273 अभ्यर्थियों के भाग्य का फैसला होगा। नगर निगम कटनी के 45 वार्डों में पार्षद पद के लिए 186 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं महापौर पद के लिए 12 अभ्यर्थी चुनावी अखाड़े में मौजूद हैं। नगर निगम कटनी में 218 मतदान केन्द्र बनाए गए थे।
जबकि नगर परिषद बरही के 15 वार्डों में 17 मतदान केन्द्रों पर मतदान संपन्न हुआ था। यहां 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए 75 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
बिना पास गणना स्थल पर प्रवेश प्रतिबंधित
कृषि उपज मंडी स्थित मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना प्रवेश पत्र के किसी को भी मतगणना स्थल के भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी, गणना अभिकर्ता और निर्वाचन अभिकर्ता और मीडियाकर्मी व पत्रकार गेट नंबर 1 से प्रवेश पा सकेंगे, जबकि गेट नंबर 2 से गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक सहित अधिकारी व कर्मचारियों को प्रवेश दिया जाएगा। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बुधवार को सुबह 6 बजे मतगणना स्थल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
सबसे पहले होगी निर्वाचन कर्तव्य मतपत्रों की गिनती
बुधवार 20 जुलाई को मतगणना की शुरूआत निर्वाचन कर्तव्य मतपत्रों की गिनती से होगी। इसके बाद ही ईवीएम मशीन के मतों की गणना प्रारंभ की जाएगी। गणना स्थल पर निर्वाचन कर्तव्य मतपत्रों की गिनती के लिए अलग से एक टेबिल लगाई गई है, जबकि 45 वार्डों के मतों की ईवीएम गणना हेतु 45 टेबिल लगाए गए हैं। इस प्रकार कटनी नगर निगम में मतगणना के लिए कुल 46 टेबिल लगाई गई हैं।
गेट नंबर 1 से मिलेगा मीडिया कर्मियों को प्रवेश
मतगणना स्थल स्थित मीडिया सेंटर तक जाने के लिए मीडिया कर्मियों और पत्रकारों को गेट नंबर 1 से प्रवेश दिया जाएगा। सुविधा की दृष्टि से मीडिया सेंटर से ही लगी हुई पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है।
तीन एआरओ नियुक्त
नगर निगम के 45 वार्डों के लिए तीन सहायक रिटर्निंग अधिकारी 15-15 वार्डों की मतगणना का दायित्व संभालेंगे। मतगणना काउंटर में टेबिल क्रमांक 1 से 15 तक डिप्टी कलेक्टर संस्कृति शर्मा, टेबिल क्रमांक 16 से 30 तक एसडीएम ढीमरखेड़ा नदीमा शीरी और टेबिल क्रमांक 31 से 45 तक के लिए एसडीएम बहोरीबंद संघमित्रा गौतम को दायित्व सौंपा गया है।
प्रत्येक गणना टेबिल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणना सहायक नियुक्त किए गए हैं। उम्मीदवारों के गणना अभिकर्ता जिस टेबिल के लिए उन्हें नियुक्त किया गया है, उस टेबिल के अलावा और कहीं नहीं आ जा सकेंगे।
गणना टेबिल पर एक समय पर एक उम्मीदवार की ओर से केवल एक व्यक्ति को ही मौजूद रहने की अनुमति होगी या तो उम्मीदवार खुद या उसका निर्वाचन अभिकर्ता अथवा उसका गणना अभिकर्ता में से कोई एक व्यक्ति ही एक समय पर एक टेबिल पर मौजूद रह सकता है।
नगर परिषद बरही के लिए दो सहायक रिटर्निंग
नगर परिषद बरही की मतगणना के लिए भी दो सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की तैनाती की गई है। कक्ष क्रमांक-1 के लिए नायब तहसीलदार बरही जितेन्द्र पटेल और कक्ष क्रमांक 2 के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी नायब तहसीलदार बरही चंद्रपाल इनवाती को नियुक्त किया गया है।
नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18 में आठ चक्र में पुूरी होगी गणना
नगर निगम कटनी के मतगणना केन्द्र में सबसे अधिक 8 चक्र तक मतगणना होगी। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18 में सबसे अधिक 8 चक्र में गणना होगी। वहीं वार्ड क्रमांक 21 में सात चक्र में गणना पूरी होगी। इसी प्रकार छह राउंड में वार्ड क्रमांक 3,11,13,14,28 की, पांच राउंड में वार्ड क्रमांक 1, 4, 5, 6, 12, 15, 17, 19, 23, 27, 29, 33, 34, 37, 38, 39, 40, 41, 42, 44, 45 और चार राउंड में वार्ड क्रमांक 2, 7, 8, 9, 10, 16, 20, 22, 24, 25, 26, 30, 31, 32, 35, 36, 43 की मतगणना पूरी होगी।

