उपसरपंच, जिला पंचायत, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के निर्वाचन के बाद आयोजित होंगे प्रथम सम्मिलन
(कटनी)- मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा ग्राम पंचायत के उपसरपंच, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्वाचन व प्रथम सम्मिलन को लेकर विस्तृत निर्देश व कार्यक्रम जारी किया गया है।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक ग्राम पंचायत के उपसरपंच के निर्वाचन हेतु सम्मिलन का तीन चरणों मे आयोजन होगा। जिले के विकासखण्ड विजयराघवगढ़ एवं ढीमरखेड़ा में प्रथम चरण में निर्वाचन सम्पन्न हुआ था, इसलिए यहां के सम्मिलन के लिए आयोग ने रविवार 24 जुलाई की तिथि सम्मिलन हेतु निर्धारित की है। जबकि त्रि-स्तरीय पंचायत के द्वितीय चरण मे जिले के विकासखण्ड कटनी एवं बड़वारा में मतदान हुआ था, यहां उपसरपंच के निर्वाचन हेतु सोमवार 25 जुलाई की तिथि तय की गई है। वहीं तीसरे व अंतिम चरण में विकासखण्ड रीठी और बहोरीबंद में मतदान सम्पन्न हुआ था। यहां उपसरपंच के निर्वाचन हेतु सम्मिलन का आयोजन मंगलवार 26 जुलाई को किया जायेगा।
आयोग के निर्देशानुसार जनपद पंचायत के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के निवार्चन हेतु दो चरणों मे सम्मिलन आयोजन किया जाना है। जिले के विकासखण्ड विजयराघवगढ़, ढीमरखेड़ा एवं बड़वारा का सम्मिलन बुधवार 27 जुलाई को होगा। जबकि द्वितीय चरण में जिले के विकासखण्ड कटनी, बहोरीबंद एवं रीठी के जनपद पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का सम्मिलन गुरूवार 28 जुलाई को होगा।
जबकि जिला पंचायत के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन हेतु सम्मिलन का आयोजन शुक्रवार 29 जुलाई को किया जायेगा।
प्रमुख सचिव मध्यप्रदेश शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के आदेशानुसार निर्वाचन के सम्मिलन के बाद ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत व जिला पंचायत में प्रथम सम्मिलन के आयोजन की तिथियां भी निर्धारित की गई हैं। ग्राम पंचायतों का प्रथम सम्मिलन 2 अगस्त, 3 अगस्त व 4 अगस्त को होगा। वहीं जनपद पंचायतों के प्रथम सम्मिलन 5 व 6 अगस्त को और जिला पंचायत का प्रथम सम्मिलन निर्वाचन के बाद 8 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।
