यूथ महापंचायत 2022 के राज्य स्तरीय आयोजन का देखा गया लाइव प्रसारण
(कटनी) – चंद्रशेखर आजाद की 116वीं जयंती के अवसर पर भोपाल में राज्य स्तरीय यूथ पंचायत का आयोजन शनिवार को किया गया। युवाओं को प्रेरित करने के लिए आयोजित यूथ पंचायत में जिले से भी आठ युवाओं का दल शामिल हुआ है। उच्चशिक्षा विभाग के निर्देशानुसार यूथ पंचायत के राज्य स्तरीय आयोजन का सभी शासकीय, अशासकीय व अनुदान प्राप्त कॉलेजों में सीधा प्रसारण किया जाना था। जिसको लेकर जिले के सभी कॉलेजों में एलईडी के माध्यम से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई। कॉलेजों में छात्रों व स्टॉफ ने यूथ पंचायत का लाइव प्रसारण देखा।
जिले के चयनित युवा करेंगे बार्डर का भ्रमण
भोपाल में आयोजित युवा पंचायत के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला स्तर पर चयनित हुए सभी युवाओं को मां तुझे प्रणाम योजना के तहत बार्डर का भ्रमण कराने की घोषणा की। जिले से शासकीय कॉलेजों व नेहरू युवा केन्द्र संगठन से जुड़े आठ युवाओं का चयन जिला स्तर से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान की घोषणा अनुसार जिले के आठ युवाओं का दल भी बार्डर के भ्रमण पर जाएगा।

