सीईओ जिला पंचायत ने एकीकृत वाटर शेड प्रबंधन कार्यक्रम के तहत निर्माणाधीन तालाबों का किया निरीक्षण
निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाने हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
(कटनी)- बारिश के पानी के जलभराव एवं जल संचय हेतु जिले भर में जल संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत तालाबों को समय सीमा में पूर्ण कराए जाने हेतु सीईओ जिला पंचायत जगदीश चंद्र गोमे द्वारा सतत रूप से विकास खंडों में भ्रमण कर मैदानी निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर जायजा लिया जा रहा है। सीईओ जिला पंचायत श्री गोमे ने गत दिवस विकासखंड ढीमरखेड़ा के दूरस्थ ग्रामों भमका, झिर्री और मदनपुर में निर्माणाधीन एकीकृत वाटर शेड प्रबंधन कार्यक्रम के अंतर्गत निर्माणाधीन तालाबों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तालाब निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश प्रदान किए। श्री गोमे ने कहा कि केचमेंट एरिया को विकसित करते हुए तटों पर फ्लैग पोस्ट, डिस्प्ले बोर्ड, पिचिंग एवं बंड में आवश्यक सुधार करें व निर्माणाधीन कार्यों की निरंतर निगरानी करते हुए कार्यों को 15 अगस्त के पूर्व पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। इस दौरान सहायक यंत्री ,उपयंत्री एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

