नगर में छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा फहराने की लोगों से की अपील
(कटनी)- 13 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशानुसार व हर घर तिरंगा अभियान नोडल अधिकारी सीईओ जगदीश चंद्र गोमे के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
तिरंगा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के 2 हजार से अधिक स्काउट गाइड, रेडक्रास, एनसीसी कैडिट सहित छात्र-छात्राएं शामिल हुए। तिरंगा यात्रा को फारेस्टर प्लेग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर डीईओ पीपी सिंह व डीपीसी केके डेहरिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली फारेस्टर प्लेग्राउण्ड से प्रारंभ होकर कचहरी चौक से मोहन टाकीज रोड होते हुये सुभाष चौक, गॉधी द्वार, कोतवाली तिराहा, मिशन चौक से वापस कोतवाली तिराहा होते हुये अंहिंसा चौक से फारेस्टर प्ले ग्राउड में संगोष्ठी के रूप में परिवर्तित हुई। जहां जिला शिक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में जानकारी प्रदान की 13 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप कुमार डांगी वाला, जिला संगठक स्काउट गाइड ललित मिश्रा, जिला खेल अधिकारी विजय भार सहित अन्यजन उपस्थित थे।

