कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मनीष पाठक के स्पीकर पद पर निर्वाचित होने की घोषणा की

कलेक्टर श्री मिश्रा के उपस्थिति में पूर्ण हुई निर्वाचन प्रक्रिया

(कटनी)- नगर निगम कटनी के अध्यक्ष (स्पीकर) और अपील समिति का निर्वाचन   कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा की उपस्थिति में सोमवार को नगर निगम के परिषद कक्ष में कराया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो की अगुवाई में दल गठित किया था। गठित दल ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के निर्वाचन का कार्य पूर्ण कराया।

            सुबह 11 बजे नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। जिसमें पार्षद मौसूफ अहमद बिट्टू, मनीष पाठक, ईश्वर बहरानी, संदीप राजाराम गुड्डू यादव, वंदना राजकिशोर यादव ने स्पीकर पद के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए। निर्धारित समयावधि में मौसूफ अहमद, मनीष पाठक व संदीप राजाराम गुड्डू ने कलेक्टर श्री मिश्रा के समक्ष नाम निर्देशन दाखिल किया। जांच उपरांत तीनों नामांकन वैध पाए गए। नाम वापिसी की निर्धारित अवधि में मौसूफ अहमद ने फार्म वापस लिया। जिसके बाद गुप्त मतदान कराया गया।

            कलेक्टर श्री मिश्रा और गठित दल की उपस्थिति में 45 पार्षदों सहित महापौर ने स्पीकर पद के लिए मतदान किया। गुप्त मतदान के बाद परिषद हॉल में मतों की गणना की गई। जिसमें से एक मत रिजेक्ट हुआ और मनीष पाठक को 30 व संदीप राजाराम गुड्डू यादव को 15 मत प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने मनीष पाठक के स्पीकर पद पर निर्वाचित होने की घोषणा की। इस दौरान एसडीएम प्रिया चंद्रावत, नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र सिंह धाकरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें