ई गवर्नेंस के जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव ने की सार्थक मानवीय पहल : ब्रेन ट्यूमर से पीडि़त अभिषेक का जिला अस्पताल में कराया आधार अपडेट
ब्रेन ट्यूमर से पीडि़त 12 वर्षीय अभिषेक का जिला अस्पताल के वार्ड में किया गया आधार अपडेट कार्य
(कटनी)- जिला प्रशासन की ई गवर्नेंस टीम की सार्थक मानवीय पहल की वजह से ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से पीडि़त 12 वर्षीय अभिषेक चौधरी के आधार अपडेशन का कार्य आधार कार्ड बनाने वाली टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर कर दिया। आधार अपडेट हो जाने से अब अभिषेक के परिवारजन खुश हैं कि जबलपुर मेडीकल कॉेलेज में उसके बेहतर इलाज के लिए उन्हें अब अपडेटेड आधार कार्ड मिल गया है।

ई गवर्नेंस के जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव ने बताया कि कटनी के राममनोहर लोहिया वार्ड के कोल बस्ती निवासी अभिषेक चौधरी का ब्रेन ट्यूमर का इलाज मेडीकल कॉलेज जबलपुर में परिजनों द्वारा कराया जा रहा था। वहां अभिषेक का आधार कार्ड मांगा गया था लेकिन आधार कार्ड अपडेट न होने के कारण उसके फिंगर नहीं आ रहे थे। अभिषेक को लेकर परिजन वापस कटनी पहुंचे और आधार कार्ड संबंधी जानकारी वार्ड के पार्षद उमेन्द्र अहिरवार को दी। इस बीच अभिषेक की तबियत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती कर दिया गया।
इलाज के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता व अभिषेक की बीमारी की गंभीरता को मद्देनजर जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस श्री नामदेव ने आधार सुपरवाइजर रोशनी बर्मन और केन्द्र सहायक राहुल दुबे व उमंग खरे की टीम को जिला अस्पताल भेजकर वार्ड में ही अभिषेक के आधार कार्ड अपडेट कराने का कार्य संपादित कराया। अभिषेक के परिजना खुश हैं कि आधार कार्ड की कमी अब उसके इलाज में बाधक नहीं बनेगी। अभिषेक को लेकर परिजना उपचार कराने मंगलवार को जबलपुर के लिए रवाना हो गए।

