वन ग्राम कारोपानी के हर घर में पहुँचने लगा टोंटी वाले नल से जल
(कटनी)- जल जीवन मिशन के तहत हर घर में टोंटी वाले नल से पानी पहुँचाने का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संकल्प अब कटनी जिले के वन ग्राम कारोपानी में भी फलीभूत हो गया है। यहॉं के 31 घरों में अब टोंटी वाले नल से झर-झर पानी पहुंच रहा है। इससे यहॉं के ग्रामीण अब पानी की चिंता से मुक्त हो गये हैं।
दरअसल कलेक्टर अवि प्रसाद को शुक्रवार 25 नवम्बर को वन ग्राम कारोपानी के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने पानी की समस्या की जानकारी दी थी। जिस पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने तत्काल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पेयजल समस्या के निदान हेतु त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसी के बाद कार्य में गति लाते हुए ग्रामीणों को टोंटी वाले नल से जल की आपूर्ति की जा रही है।
शुक्रवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की सहायक यंत्री की मौजूदगी में नल से जल आपूर्ति की टेस्टिंग की गई। जो सफल रही। नल से घर तक पानी पहुँचने से ग्रामीण काफी प्रसन्न हैं। वन ग्राम निवासी प्रकाश सिंह, सेमू, निरंजन, चन्द्रशेखर और शिव कुमार ने घर तक पानी पहुँचने की खुशी का इजहार चहकते हुए किया। ग्रामीणों ने कहा सोचा नहीं था समस्या हल होगी लेकिन कलेक्टर साहब का दौरा गांव वालों के लिए बड़ी सौगात दे गया।
कारोपानी वन ग्राम के घरों में जल आपूर्ति नहीं हो पाने का मुख्य कारण विनोद बैगा के खेत के पास के नलकूप में 50 फुट के नीचे मोटर पंप नहीं जा पाना था इसी से पानी का प्रदाय किया जाना था। लेकिन पंप ठीक नहीं होने की वजह से जल प्रदाय अवरूद्ध था। कलेक्टर श्री प्रसाद के भ्रमण के दौरान दिये गये निर्देश के बाद इस नलकूप की सफाई कराई गई। जिसमें 15 मीटर 46 एल.पी.एम. जल प्राप्त हुआ है। अब इसी नलकूप से पूरे गांव में टोंटी वाले नलों से जल आपूर्ति शुरू कर दी गई है।

