सीईओ शिशिर गेमावत ने स्व सहायता समूह को हटाने, एच एम को नोटिस और अतिथि शिक्षक को अवैतनिक करने के लिए निर्देश

छात्र छात्राओं से किया संवाद
सीईओ शिशिर गेमावत ने माध्यमिक शाला मुरावल का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों का लिया जायजा
(कटनी)- बेटा आज आपने क्या पढ़ा ? शिक्षकों ने आज आपको क्या पढ़ाया… ? मध्यान्ह भोजन कितने समय और कैसा मिलता है…ये सवाल जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने बुधवार को रीठी विकासखंड के माध्यमिक शाला मुरावल के छात्र-छात्राओं से विद्यालय के निरीक्षण के दौरान किए। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों के विषय में जानकारी ली तथा उपस्थिति पंजी के अलावा संधारित पंजीयों का अवलोकन भी किया। सीईओ ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए पूछे जाने पर छात्रों ने बताया कि खाने की मात्रा अपर्याप्त और गुणवत्ता ठीक नही है। बच्चों ने यह भी बताया कि  भोजन मीनू के अनुसार प्राप्त नहीं होता है, और खाना खाने के उपरांत हम से बर्तन भी धुलवाए पाए जाते हैं। सीईओ श्री गेमावत के समक्ष  ऐसी गतिविधियां संज्ञान में आने पर उन्होने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल नारी जागरण स्व सहायता समूह को पृथक किए जाने की कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिला सीईओ ने  माध्यमिक शाला मुरावल के प्रधानाध्यापक को मध्यान्ह भोजन वितरण प्रबंधन में लापरवाही हेतु शोकॉज नोटिस और विद्यालय से अनुपस्थित अतिथि शिक्षक रजनीश शर्मा को अवैतनिक किए जाने के निर्देश दिए। सीईओ ने अध्यापकों एवं विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली एवं समग्र बेहतर शिक्षण व्यवस्था संचालन के निर्देश अधिकारियों को दिए। सीईओ श्री गेमावत ने माध्यमिक शाला की शैक्षणिक एवं भोजन वितरण की समुचित व्यवस्था हेतु जनपद के सीईओ एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए तथा सतत रूप से निगरानी करने हेतु भी कहा।
मोटरसाइकिल से पहुंचे अमृत सरोवर हथकुरी
सीईओ श्री गेमावत ने पुष्कर धरोहर योजना अंतर्गत खमरिया नंबर 2 के निर्माणाधीन तालाब का निरीक्षण कर शीघ्र पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से संवाद कर मजदूरी भुगतान एवं कार्यस्थल पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद श्री गेमावत ने अधिकारियों के साथ उबड़ खाबड़ पथरीले रास्ते से लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर और दो किलोमीटर मोटरसाइकिल की सवारी कर हाथकुरी के अमृत सरोवर का निरीक्षण कर जायजा लिया। निर्माणाधीन सरोवर को गुणवत्तापूर्ण ढंग  तय समय सीमा में कराए जाने के निर्देश दिए।
वसुधा को पर्यटकों के अनुरूप करें विकसित और बनाएं ईको पार्क
जनपद क्षेत्र रीठी के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करते हुए सीईओ श्री गेमावत ने ग्राम वसुधा का दौरा भी किया एवं वसुधा में निर्मित अमृत सरोवर को पर्यटकों की दृष्टि से दर्शनीय रूप से विकसित और सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने उन्होंने वसुधा अमृत सरोवर के तटों पर इको पार्क के निर्माण हेतु अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के लिए निर्देश दिए।
जमुनिया की गौशाला
सीईओ श्री गेमावत ने ग्राम जमुनिया की गौशाला का  निरीक्षण कर उपलब्ध चारा भूसा, पेयजल और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली एवं समुचित व्यवस्थाएं किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, जनपद पंचायत के सीईओ ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा, आशुतोष खरे एवं डा. अजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें