मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के प्रचार रथ को नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक आयुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
(कटनी) मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। जिसके तहत गुरुवार को नगर पालिक निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं आयुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे उपायुक्त पी के अहिरवार व अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में नगर पालिक निगम से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रचार रथ का मुख्य उद्देश्य नगरीय सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी 45 वार्डों में योजना के संबंध में लाउड स्पीकर के माध्यम से महिलाओं को जानकारी प्रदान करने के साथ ही उन्हें जागरूक करने का कार्य किया जाएगा। नगर निगम सीमा अंतर्गत सभी वार्ड में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के निशुल्क शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें सभी पात्र महिलाओं द्वारा अपने दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर पहुंचकर ई के वाई सी पोर्टल पर फार्म भरना सहित आदि प्रक्रिया पूर्ण कराकर योजना का आवेदन सरलता के साथ कर रही है। इस दौरान कार्यपालन यंत्री केपी शर्मा स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी नागेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
