हादसे की आशंका के मद्देनजर बंद कराया गया अनुपयोगी खुला निजी नलकूप
कलेक्टर के त्वरित निर्देश पर हुई कार्यवाही
इंदौर में हुए बावड़ी हादसे के बाद मध्यप्रदेश शासन द्वारा सभी जर्जर और खुले कुएं, बावड़ी, बोर गड्ढों को संरक्षित करने के आदेश दिए थेइसी आदेश के परिपालन में कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद के द्वारा ऐसी संरचनाओं की जानकारी लगते ही त्वरित कार्यवाही कराकर दुर्घटनाओं की आशंका को समाप्त किया जा रहा है।
जनसेवा मित्र ने दी थी सूचना
बड़वारा विकासखंड की ग्राम पंचायत मझगवां में हादसे की आशंका के मद्देनजर उपयोग के बाद खुले छोड़ दिए गए निजी नलकूप की जानकारी जनसेवा मित्र विकास यादव ने ट्विटर के माध्यम से कलेक्टर को दी गई जिस पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त खुले नलकूप के विशाल गड्ढे को अविलंब अच्छी तरह भरकर संरक्षित करने के निर्देश दिए गए।
मिट्टी का भराव कर बंद किया गया खुला नलकूप
कलेक्टर के निर्देश के परिपालन में ग्राम पंचायत के माध्यम से तत्काल कार्यवाही कराकर उक्त खुले नलकूप के गड्ढे में मिट्टी का भराव कर उसे बंद कर दिया गया है। जिससे भविष्य में दुर्घटना न हो सके।

