पुनः बहाल हुई ग्राम सिहुंडी बसेड़ी सहित 4 गांवों की विद्युत आपूर्ति
शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने दिए थे जांच और निराकरण के निर्देश
(कटनी)- बहोरीबंद तहसील अंतर्गत ग्राम सिहुंडी बसेड़ी में 36 घंटे से विद्युत आपूर्ति न होने की शिकायत मिलने पर कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा इसकी त्वरित जांच कर निराकरण के आदेश मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता ग्रामीण को दिए थे। निर्देशों के परिपालन में कार्यपालन अभियंता द्वारा जांच करा कर क्षेत्र की विद्युत सप्लाई पुनः बहाल कर दी है।
बकाया भुगतान की वजह से बंद की गई थी आपूर्ति
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता ग्रामीण म प्र पू क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कराई गई जांच में पाया गया कि बाकल विद्युत वितरण केन्द्र के हाथीभार, किवलहरा और कछारगांव में कुल 205 उपभोक्ता हैं जिन पर 909629 रुपए का विद्युत बिल भुगतान लंबित है। लगातार भुगतान के लिए निवेदन करने के बाद भी भुगतान न किए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए बकायादारों का कनेक्शन अस्थाई रूप से विच्छेदित किया गया था। जिसे वर्तमान में सरपंच ग्राम पंचायत कछारगांव द्वारा 20 अप्रैल तक बिल भुगतान के आश्वासन के बाद पुनः बहाल कर दिया गया है।
