कल्याणी श्यामबाई का संबल बने कलेक्टर, 5 साल बाद संबल योजना की सहायता राशि मिलने से छलक उठी पथराई आंखे

कलेक्टर की संवेदनशीलता और  तत्परता ने फिर जगाया प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर भरोसा

(कटनी)- पति की असमय मृत्यु, आर्थिक तंगी और 5 साल से सहायता राशि के इंतजार में पथरा चुकी श्यामबाई की आंखें आज उस समय नम हो गई, जब कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद की संवेदनशीलता और तत्परता की वजह से उसे मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना की सहायता राशि स्वीकृति पत्र प्राप्त हुआ। कलेक्टर श्री प्रसाद ने उसे भरोसा दिलाया कि सहायता राशि स्वीकृत होने के बाद अब जल्द ही 4 लाख की सहायता राशि उसके खाते में पहुंच जाएगी। कलेक्टर की इस संवेदनशील पहल से श्यामबाई का भरोसा एक बार फिर प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर मजबूत हुआ।

घर कर गई थी निराशा

जनपद पंचायत कटनी के ग्राम पड़रिया में रहने वाली श्यामबाई चौधरी के पति धनपत चौधरी को काल ने 17 अप्रैल 2018 को एक सड़क हादसे में छीन लिया। घर के कमाने वाले मुखिया के असमय चले जाने का दुख उस समय और गहरा गया जब उसे किसी प्रकार की कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली और उसकी आर्थिक हालत जर्जर हो उठी। उल्लेखनीय है कि श्यामबाई का पति धनपत चौधरी प्रदेश शासन की संबल योजना अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक था। लेकिन उसकी मृत्यु के बाद उसे अनुग्रह सहायता का लाभ नहीं मिला।

दूर हुआ ना उम्मीदी का अंधेरा

पति की मौत के बाद संबल योजना के तहत सहायता राशि न मिलने से हताश श्यामाबाई द्वारा राशि प्राप्त करने कई चक्कर लगाए गए। लेकिन हर बार निराशा हाथ लगी। अपनी आखिरी उम्मीद के रूप में गत दिसंबर 2022 में वह कलेक्टर अवि प्रसाद से मिली और गुहार लगाई। जिस पर कलेक्टर श्री प्रसाद ने उसे हर संभव प्रयास का भरोसा दिलाया और इस भरोसे पर खरे उतरे। सोमवार को श्यामबाई को कलेक्टर कार्यालय बुलाकर जैसे ही उसे कलेक्टर श्री प्रसाद ने सहायता राशि का स्वीकृती पत्र सौंपा, उसकी आंखे छलक उठीं। उसने कहा कि 5 साल में भी सहायता राशि  न मिलने से वह अपनी उम्मीद लगभग खो चुकी थी, लेकिन कलेक्टर श्री प्रसाद उसके जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर आए।

पहले भौतिक सत्यापन में कर दिया गया था अपात्र

कलेक्टर के निर्देश पर श्रम पदाधिकारी द्वारा श्यामाबाई के प्रकरण की जांच की गई। जिसमें पता चला कि संबल योजना अंतर्गत पंजीयन हेतु उसे भौतिक सत्यापन में निकाय द्वारा 30 जुलाई 2019 को अपात्र कर दिया गया था। जिसमें पंजीयन में लगने वाले अतिरिक्त समय एकमात्र कारण था।

कलेक्टर ने निकाला रास्ताकहा कोई भी न चुके यही हमारा प्रयास

कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा श्यामबाई के प्रकरण में उसे संबल योजना का लाभ दिलाने उससे अपीलीय आवेदन प्राप्त कर समय अवधि में पात्रता की जांच करा कर अनुग्रह सहायता राशि 4 लाख रूपए स्वीकृत करने अनुमति मांगी गई। अनुमति मिलने पर सोमवार को श्यामबाई को उक्त सहायता राशि का स्वीकृत पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अवि प्रसाद ने कहा कि श्यामबाई जैसे अन्य प्रकरणों को भी संज्ञान में लिया जा रहा है, उनका पूरा प्रयास है कि कोई भी पात्र  हितग्राही शासन की योजनाओं से मिलने वाले लाभ से वंचित न रह जाए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें