मात्र सात दिन में हुआ सत्तर लाख की लागत से कैमोर नगर की सड़कों का कायाकल्प
चौपाटी सहित प्रसूति कक्ष का निर्माण कार्य भी प्रारंभ
(कैमोर) नगर परिषद कैमोर की सड़कों के मजबूतीकरण एवं नवनिर्माण के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा कायाकल्प योजना के तहत निकायों को राशि आवंटित की गई थी। कैमोर नगर परिषद के मुख्य मार्ग एवं अन्य मार्गों के लिए भी 70 लाख रूपए की राशि प्रदान की गई थी। इसी महीने की 8 तारीख को विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक की मौजूदगी में सड़क डामलीकरणकरण से लेकर लगभग डेढ़ करोड़ के कार्यों के लिए भूमिपूजन कराया गया था। भूमिपूजन के बाद दूसरे दिन से ही नगर परिषद अध्यक्ष मनीषा अजय शर्मा के निर्देश एवं सीएमओ धर्मेन्द्र शर्मा की देखरेख में ठेकेदार द्वारा सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। 7 दिन के रिकार्ड समय ही मुख्य सड़क सहित अन्य सड़कों के डालीकरण का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा कर दिया गया है। शेष निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिए गए हैं, जो निर्धारित अवधि में पूर्ण कर लिए जाएंगे।

गौरतलब है कि कैमोर नगर में मुख्य मार्ग पर एसीसी पार्किंग यार्ड समीप से लेकर पेट्रोल पंप तक सड़क का डामलीकरण किया जाना था यह कार्य एक सप्ताह के भीतर ही पूर्ण कर दिया गया। अच्छी क्वॉलिटी के डामल का उपयोग करते हुए यार्ड से लेकर पेट्रोल पंप तक लगभग आधा किलोमीटर की सड़क डबल लेयर में तैयार की गई है। इसके अलावा खलवारा बाजार में स्टेट बैंक शाखा तिराहा से लेकर खलवारा बाजार फत्ती सेठ की दुकान से होते हुए श्रमधाम से लेकर एवरेस्ट सड़क तक भी डामलीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वार्ड क्रमांक 10 में मुख्यमार्ग से साप्ताहिक बाजार की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों ओर डामलीकरण का कार्य किया गया है साथ ही राजू पान टपरे से लेकर शब्बीर खान के निवास तक डामल रोड का कार्य पूर्ण कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढे भर जाने एवं डामलीकरण हो जाने से लोगों को आने जाने की बेहतर सुविधा प्राप्त हो रही है। इसी प्रकार खलवारा बाजार के वार्ड क्रं. 6 में लगभग 41 लाख की लागत से बनने वाली चौपाटी का काम भी प्रारंभ हो गया है। यहां लगभग डेढ़ दर्जन दुकानें तैयार कर दुकानदारों को आवंटित की जाएंगी। चौपाटी में लोग सपरिवार पहुंचकर विविध व्यंजनों का आनंद ले सकें इसके लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जा रहीं।

विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक द्वारा विधायक विकासनिधि के माध्यम से शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में नवीन प्रसूति कक्ष के लिए राशि स्वीकृत की गई थी। भूमिपूजन के बाद से प्रसूति कक्ष का निर्माण भी प्रारंभ हो गया है। नगर परिषद अध्यक्ष मनीषा अजय शर्मा ने बताया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि में पूर्ण कर लिए जाएंगे। प्राप्त जानकारी में बताया गया कि इन निर्माण कार्यों के अलावा वार्ड क्रमांक- 1 में जहां 10 फुट की ऊंचाई वाले स्तंभ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया है। वहां स्तंभ के चारों ओर 50 फुट के दायरे में परिसर बनाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पेट्रोल पंप में दुकानों के सामने वॉटर कूलर से लेकर जीएम बंगले तक की दीवार में सुसज्जित रंगीन फुहारे की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिस पर शीघ्र ही अमल किया जाएगा।

इसके अलावा वार्ड क्र. 10 में कैलाश नगर पुलिया वाले तिराहे के पास भी फुहारा लगाए जाने एवं गायत्री मंदिर परिसर के समीप एक छोटा ओपन जिम खोले जाने की कार्ययोजना पर भी कार्य चल रहा है। शीघ्र ही ये निर्माण कार्य पूर्ण किए जाएंगे। निर्माण कार्यों के भूमिपूजन के दौरान विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक द्वारा नगर के आदिवासी वार्डो बरापार, खलवारा बाजार, अमरैया पार में सड़क, नाली एवं अन्य विकास कार्यों के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों का ध्यान रखते हुए इन आदिवासी वाडों में भी विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जा रही। कुछ कार्य पहले से ही स्वीकृत थे, जिनकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शीघ्र ही ये कार्य भी पूर्ण किए जाएंगे। पेट्रोल पंप के समीप लगभग ढाई करोड़ की लागत से बस स्टैण्ड एवं फायर स्टेशन निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी गई थी, जो अंतिम दौर में है। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही बस स्टैण्ड का निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा।
(संतोष प्रसाद तिवारी)
RPKP INDIA NEWS
कैमोर

