अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा से लोगों में उत्साह

विशेष साफ-सफाई अभियान के साथ दीपदान और भजन संध्या का हो रहा आयोजन

(सीधी)  अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। अयोध्या में आयोजित होने वाले कार्यक्रम से अधिक से अधिक आमजनों को जोड़ने हेतु राज्य शासन के निर्देशानुसार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिले के सभी प्रमुख मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में 14 जनवरी से 22 जनवरी तक विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही मंदिरों में दीपदान एवं भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। लोग उत्साह के साथ रामचरितमानस और रामनाम धुन का गायन कर रहे हैं। साफ-सफाई अभियान में जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा सहभागिता की जा रही है। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान के स्वरूप की प्राण प्रतिष्ठा से लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।इसी क्रम में विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, जनपद पंचायत के अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह परिहार एवं कलेक्टर श्री साकेत मालवीय सहित गणमान्य नागरिकों ने गोपाल दास मंदिर परिसर तथा गोपालदास बांध की साफ-सफाई में सहभागिता की। विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों द्वारा भगवान शिव मंदिर कमचड़ में पूजा अर्चना के बाद साफ-सफाई कार्यक्रम में सहभागिता की गई।

इसी प्रकार जिले के अन्य मंदिरों में गणमान्य नागरिकों तथा ग्रामवासियों द्वारा उत्साह के साथ साफ-सफाई की जा रही है। जिले के सभी मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन पर आधारित चित्रकला, रंगोली, भाषण आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें