कलेक्टर मैहर ने की एकलव्य आवासीय विद्यालय मैहर की गतिविधियों की समीक्षा
(मैहर) कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने मंगलवार को कलेक्टर कक्ष में जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, डाइट एवं अन्य विभाग के अधिकारियो की बैठक लेकर मैहर के एकलव्य आवासीय विद्यालय की गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने छात्रों के एडमिशन, भोजन की व्यवस्था और विद्यालय द्वारा छात्रों को मिलने वाली सुविधा की समीक्षा की। विद्यालय द्वारा पुस्तक और स्टेशनरी सामग्री क्रय कर वितरण के संबंध में कलेक्टर ने विभाग को निर्देशित करते हुए एनसीआरटी पब्लिकेशन से क्रय कर वितरण करने के निर्देश दिये। विद्यालय में सेप्टिक टैंक की मरम्मत, नालियों की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे की संख्या बढ़ाने और बाउंड्री के किनारे सौर ऊर्जा वाली स्ट्रीट लाइट लगाने के संबंध में विभागीय इंजीनियर से अवलोकन कराकर कुल व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही खाने के बर्तन, सोने के लिए बिस्तर, स्कूल बैग, छात्रों पर होने वाले वार्षिक व्यय की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में छात्रों को सामूहिक रूप से स्थानीय स्तर यात्रा नहीं कराई गई है। इस पर कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्होने स्थानीय स्तर पर छात्रों को यात्रा कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्रों की प्रति माह स्वास्थ संबंधित जांच करने और जरूरी दवाएं उपलब्ध करने के लिए डॉ वीके गौतम को निर्देशित किया। इस दौरान प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बांगरे, जिला संयोजक जनजातीय कार्य अविनाश पांडेय, डॉ वीके गौतम, प्राचार्य रामलला बागरी, पूर्व प्राचार्य एसपी मिश्रा, एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
