डाइट कटनी में छात्रावासों के अधीक्षकों का पुस्तकालय संचालन प्रशिक्षण प्रारंभ
पढ़ने की संस्कृति के विकास हेतु कलेक्टर श्री प्रसाद का अभिनव प्रयास
(कटनी) – कलेक्टर अवि प्रसाद के निर्देशानुसार बच्चों में शिक्षा एवं भाषा का ज्ञान विकसित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान कटनी द्वारा जिले में संचालित आदिम जाति कल्याण छात्रावास, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास एवं बालिका छात्रावास के अधीक्षक, वार्डन, सहायक वार्डन, बीईओ ,बीआरसी एवं बीएसी को पुस्तकालय संचालन हेतु प्रशिक्षित किया जा रहा है ।
प्रशिक्षण के प्रथम बैच में 57 एवं द्वितीय बैच में 49 सहभागियों को प्रशिक्षित किया जायेगा । प्रशिक्षण में पुस्तकालय प्रबंधन ,संचालन ,अभिलेख संधारण ,आयु एवं कक्षा के अनुसार पुस्तक चयन एवं पुस्तकालय में की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई । गतिविधियों से संबंधित वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया। प्रतियोगी परीक्षा तैयारी, रीड अलाउड ,बुक टाक ,खजाने की खोज ,साझा पठन ,समवेत पठन ,पाठक रंगमंच , साहित्यिक चक्र, कक्षाओं से पुस्तकालय का जुड़ाव संबंधी गतिविधि का प्रदर्शन मास्टर ट्रेनर पायल अग्रवाल , सपना मिश्रा ,ममता श्रीवास्तव , मनीष सोनी द्वारा किया गया ।

एस डी एम कटनी श्री प्रदीप मिश्रा ने कहा कि कई पुस्तकों के पठन से अर्जित ज्ञान के व्यवहार में आने से हमारा व्यक्तित्व निखरता है और हम स्वयं भी पुस्तकालय जैसे हो जाते हैं जिससे सभी लाभान्वित होते हैं। वरिष्ठ व्याख्याता राजेन्द्र असाटी द्वारा दो कहानियों को पढ़कर सुनाकर पढ़ने की अवधारणा स्पष्ट की गई ।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में डाइट प्राचार्य एम पी डुंगडुंग ,पुस्तकालय प्रशिक्षण समन्वयक एन के श्रीवास्तव ,सहायक प्राध्यापक कल्पना खरे , ज्योति श्रीवास्तव की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

