पत्नी के प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर युवक को उतारा था मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

खदान के पास बोरे में बंद मिली थी लाश, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझाई अंधे हत्या कांड की गुत्थी

(कटनी) बरही थाना अंतर्गत बिचपुरा ददरा टोला क्रेसर प्लांट के समीप स्थित खदान के पास बोरे में बंद युवक की लाश मिलने के मामले की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पत्नी के प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बोरे में बंद करके खदान के समीप फेंक दिया था। पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने बताया की जघन्य वारदात घटित होने के बाद प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीओपी केपी सिंह के मार्गदर्शन में बरही थाने की टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल किया है।

गौरतलब है कि 4 जून को रात्रि में थाना बरही को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बिचपुरा ददरा टोला क्रेसर प्लांट के पास खदान में एक बंद बोरे में हांथ पैर बंधी लाश पाई गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि लाश बोरे के अंदर थी और उसका चेहरा भी बनयान से ढका हुआ था एवं सिर पर चोट के निशान थे। मृतक के हाथ, पैर, गर्दन से रस्सी से बंधे हुये थे। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम के द्वारा मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए गए जिस दौरान लाश की पहचान छिंटिया टोला निवासी भोला उर्फ विजय बर्मन पिता स्व. लल्ला बर्मन उम्र 32 वर्ष के रूप में की गयी थी। आवश्यक कार्रवाई उपरांत पुलिस द्वारा मर्ग प्रकरण दर्ज करने के साथ ही जांच प्रारंभ की गई थी। पुलिस ने युवक की हत्या का मामला अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध पंजीबद्ध किया था। तहकीकात के दौरान यह तथ्य सामने आए कि मृतक की पत्नी ज्योति बर्मन से मृतक के पडोसी कृष्ण उर्फ रजनू बर्मन पिता रमेश बर्मन उम्र 23 साल के करीब दो वर्ष पहले से प्रेम प्रसंग थे। इस बात को लेकर मृतक विजय बर्मन अपनी पत्नी के साथ शराब के नशे में आरोपी रजनू बर्मन का नाम लेकर आये दिन लडाई झगडा व मारपीट करता था। घटना के पूर्व भी मृतक द्वारा पत्नी ज्योति के साथ इसी बात पर मारपीट की गई थी। इसी बात से आक्रोशित होकर रजनू बर्मन ने अपने दोस्त संजय बर्मन के साथ मिलकर मृतक विजय बर्मन को मारने का प्लान बनाया था। प्लान के मुताबिक 2 जून को संजय बर्मन ने भोला उर्फ विजय बर्मन को शराब पीने के लिये हरि बर्मन की दुकान ग्राम विचपुरा में रात्रि करीबन साढ़े सात बजे बुलाया और उसके बाद दोनों ने दुकान के पास बैठकर शराब पी। इसके बाद प्लान के मुताबिक संजय बर्मन भोला बर्मन को आम के पेड़ के पास खेत में लेकर जहां उसे फिर देशी शराब पिलायी। इसी बीच पीछे से आरोपी रजनू बर्मन वहां पहुंच गया, जिसे देखकर भोला बर्मन आक्रोशित हो गया और गाली गलौज कर झूमा झपटी करने लगा। तभी मौका पाकर रजनू बर्मन यानी आरोपी ने अपने पास रखी चाकू से भोला बर्मन के गले में वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी और उसके दोस्त संजय बर्मन लाश को घसीट कर धनीराम बर्मन के खेत की मेड़ के पास छोटा गड्ढे में डाल दिया और मिट्टी डालकर मृतक की लाश व चप्पलों को ढंक दिया। दूसरे दिन 3 जून को रात्रि करीबन 09-10 बजे दोनों आरोपियों ने मृतक की लाश को गड्ढे से निकाला और उसके हाथ, पैर बांधकर चेहरा बनियान से ढंकने के बाद शव को बोरे में बंद कर दिया। इसके बाद संजय बर्मन की मोटरसाइकिल में रखकर आरोपी लाश को क्रेसर प्लांट के पीछे बंद खदान के पास ले गए और लाश को खदान में फेंकने की कोशिश ही कर रहे थे तभी चैकीदार ने उन्हें देख लिया जिससे पकड़े जाने के डर के कारण आरोपी लाश को वहीं छोड़ कर भाग गए थे।

कृष्णपाल सिंह एसडीओपी विगढ़ के मार्गदर्शन में निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव, उप निरी विनोदकांत सिंह, उप निरी शैलेन्द्र सिंह सेंगर, चैकी प्रभारी खितौली उप निरीक्षक के के पटेल, सउनि दिनेश गोतम, सउनि महेश प्रताप तथा प्र.आर. व्यास प्रसाद गुप्ता, प्र.आर अजय पाठक, आर. सुनील मरकाम, आर. जगत सिंह, आर. अवधेश प्रताप सिंह, आर. आशीष पटेल, आर. विवेक श्रीवास्तव, आर. अवधेश प्रताप सिंह, आरक्षक चालक सजय पाडेय, सैनिक संतोष की टीम ने आरोपियों को पकड़ा और पूछताछ की गई जिसमें उन्होंने चाकू व डंडे से विजय उर्फ भोला बर्मन की हत्या करना बताया। चाकू एवं डंडा को आरोपी रजनू बर्मन उर्फ कृष्णा वर्मन ने अपने घर ले जाकर छिपा दिया था। आरोपियो को को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक बांस का डंडा आरोपियों के खून लगे कपडे, फावडा, मोटर सायकिल, मृतक की चप्पल बरामद किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें