ऑनलाइन खरीदी करना महिला को पड़ गया महंगा, गवां दिए 12 लाख 35 हजार रूपए
सीमेंट ब्रिक्स बनाने की मशीन के लिए किया था आर्डर, न मशीन मिली न वापस हुई रकम
(कटनी) ऑनलाइन खरीदी करना महिला को उस समय महंगा पड़ गया जब उससे अग्रिम राशि के रूप में लाखों रूपए तो जमा करा लिए गए लेकिन उसके बाद उसे चूना लगा दिया गया। मामला कैमोर थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुर का है जहां महिला के साथ ऑनलाइन फ्राड करके अमानत में खयानत की गई। शिकायत कैमोर थाने पहुंची जहां पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध मामला कायम कर लिया है। उपनिरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत सीमेंट ब्रिक्स का व्यवसाय खोलने की स्वीकृति मिलने के बाद दुर्जनपुर निवासी हेमलता सोनी ने सीमेंट ब्रिक्स बनाने की मशीन खरीदने के लिए ऑनलाइन आर्डर किया था। महिला ने मशीन के लिए चामुंडा वेल्डिंग वर्क्स पंचासर, मेन रोड रीतावरे, मोरवी गुजरात के गोपाल पीनकुम व राहुल जायसवाल से संपर्क किया। सौदा तय होने के बाद उससे अग्रिम राशि जमा करने को कहा गया जिस पर महिला ने पहले 25 हजार रूपए खाते में ट्रांसफर किए और उसके बाद उसने क्रमशः 6 लाख 50 हजार, 5 लाख 60 हजार यानी किश्तों में कुल 12 लाख 35 हजार रूपए उक्त दोनों युवकों द्वारा बताए गए खाते में जमा कर दिए। महिला द्वारा यह रकम 14 फरवरी 2022 से लेकर 25 अगस्त 2022 के बीच जमा की गई। रकम जमा होने के बाद गोपाल पीनकुम व राहुल जायसवाल ने जल्द मशीन भेजने का आश्वान दिया लेकिन दो साल गुजर जाने के बाद भी आज तक महिला को मशीन नहीं मिली न ही सीमेंट ब्रिक्स बनाने का व्यवसाय ही प्रारंभ हो सका। परेशान होकर महिला कैमोर थाने पहुंची जहां उसने ऑनलाइन फ्राॅड करते हुए रूपए ऐंठने वाले उक्त दोनों युवकों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धोखाधड़ी का मामला कायम कर लिया है।
✍️ अजय त्रिपाठी (न्यूज एडिटर)
RPKP INDIA NEWS
कैमोर
