जन अभियान परिषद की नवांकुर एवं अन्य संस्थाओं ने एक पेड़ मां के नाम अभियान में दिखाई सक्रिय सहभागिता
स्वप्रेरणा से जिले में पच्चीस हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित
(जबलपुर) मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आव्हान एवं कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना के मार्गदर्शन में ” एक पेड़ मां के नाम अभियान ” अंतर्गत जबलपुर जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, सामुदायिक नेतृत्व पाठ्यक्रम के मेंटर्स, छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्वयं- सेवी संस्थाओं द्वारा वृहद पौधारोपण आभियान चलाया। अभियान अन्तर्गत सभी विकासखंडों के प्रस्फुटन ग्रामों, निजी एवं शासकीय विद्यालयों महाविद्यालयों, ग्रामों में उपलब्ध सार्वजनिक स्थानों सहित चिन्हित परिवारों की निजी भूमि पर स्वैच्छिक रूप से बड़ी संख्या में पौधारोपण किया गया।जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व पाठ्यक्रम के छात्रों के सहयोग से नवीन तहसील परिसर पाटन, शासकीय महाविद्यालय पाटन, सिहोरा, मॉडल साइंस कॉलेज जबलपुर, पनागर, कुंडम, मझौली शहपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर अनेकों प्रजाति के पौधे रोपित किए गए। जन अभियान परिषद का यह अभियान निरंतर दो माह तक चलता रहेगा। उल्लेखनीय है कि जन अभियान परिषद ने स्वैच्छिक आधार पर ज़िले में पच्चीस हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा है। साथ ही रोपित पौधों की सोशल फिनिशिंग के लिए भी समाज को प्रेरित किया जा रहा है जिससे कि रोपित पौधों को अधिक से अधिक संख्या में संरक्षित किया जा सके।
जन अभियान परिषद द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान में आज संभागीय समन्वयक श्री रवि प्रसाद बर्मन, ज़िला समन्वयक प्रदीप कुमार तिवारी, विकासखंड समन्वयक श्रीमति नूपुर खरे, भारत महरोलिया, सोनिया सिंह, विनायक राव, अशीष जैन, विवेक मिश्रा, श्रीमति त्रृप्ति मिश्रा सभी नवांकुर संस्थाएं, परामर्शदाता, प्रस्फुटन समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही है।
