जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में निकाली गई तिरंगा यात्रा
(शहडोल) आजादी के अमृत महोत्सव में “हर घर तिरंगा” अभियान जिले में पूरे हर्षोल्लास उत्साह एवं उमंग के साथ संचालित हो रहा है। जिले के गांव-गांव, गली-गली हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली निकाली जा रही है। जिले के सभी नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों के चलते पूरा जिला तिरंगामय दिख रहा है। जिसके तहत आज शहडोल जिले के जनपद पंचायत बुढार के ग्राम पंचायत छाती, खम्हरिया, एवं सेमरा में, जनपद पचायत ब्योहारी के ग्राम पंचायत मऊ, अल्हरा में तिरंगा यात्रा निकाली गई, तथा ब्यौहारी में तिरंगे के सम्मान में रंगोली बनाई गई तथा रंगोली में मेरा देश महान भी लिखा गया। इसी प्रकार जनपद पंचायत जयसिंहनगर के ग्राम पंचायत टिकुरी, चितरांव में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में भारत माता के जयकारे भी लगाए गए तथा तिरंगा यात्रा के दौरान 15 अगस्त को तिरंगा फहराने एवं तिरंगे का सम्मान करने की आमजन से अपील भी की गई।
