एसडीएम बल्देवगढ़ ने आंगनवाडी केन्द्र का किया औचक निरीक्षण, दिये आवश्यक निर्देश

(टीकमगढ़) कलेक्टर अवधेश शर्मा के निर्देशानुसार एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती मिश्रा द्वारा आकांक्षी ब्लाक अंतर्गत आंगनवाडी केन्द्र भेलसी-ई का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाडी केन्द्र के हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त होने संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं की महिला चौपाल लगाकर आंगनवाड़ी केन्द्र के माध्यम से मिलने वाले पोषण आहार के महत्व के वारे मे समझाईश दी। इसके साथ ही गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य संबंधी देखभाल हेतु भी जानकारी प्रदान की गई।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामो के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि लड़कियों की शादी 18 वर्ष एवं लडकों की शादी 21 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेने के उपरांत ही करना चाहिये अन्यथा बच्चों एवं माँ को कुपोषण एवं अन्य वीमारियों का खतरा बना रहता है। कम आयु मे विवाह कर लेने से दंपति को शासन की बहुत सी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो पाता है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएम को बताया गया कि प्रत्येक गर्भवती महिला का पंजीयन प्रथम तिमाही में आवश्यक रूप से किया जाये ताकि किसी महिला को गर्भावस्था के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाया जा सके।

परियोजना अधिकारी श्री महेश कुमार दोहरे द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को निर्देशित किया गया कि आंगनवाड़ी केन्द्र के प्रत्येक हितग्राही को शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ प्रदान किया जाये। कोई भी हितग्राहि योजनाओं के लाभ से बंचित नहीं रहे।

एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती मिश्रा द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत आंगनवाडी केन्द्र पर एक पौधा लगाया गया। साथ ही उन्होंने वर्तमान में जारी राजस्व महा अभियान 2.0 अंतर्गत ई-केवाईसी कराने हेतु निर्देश प्रदान किये। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्री महेश कुमार दोहरे, सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती अनुरंजना वर्मा, आंगनवाडी कार्यकर्ता श्रीमती संगीता सोनी एवं स्वास्थ्य विभाग की एएनएम उपस्थित रहीं।

✍️ (शिवराज सिंह)
RPKP INDIA NEWS
         टीकमगढ़

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें