एक अधीक्षक पर दो छात्रावासों के प्रभार न हों, सुनिश्चित करें – कलेक्टर
(मुरैना) छात्रावासों में छात्र संख्या शत प्रतिशत रहे इसके साथ ही साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जावे और कोई भी छात्रावास ऐसा ना हो जहां एक अधीक्षक पर दो छात्रावास हों। ये निर्देश कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग की बैठक में ट्राइबल विभाग से जुड़े अधिकारियों को दिये। बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, शिक्षा अधिकारी श्री सुधीर सक्सेना, डीपीसी श्री हरीश तिवारी, पिछड़ा वर्ग के प्रभारी सहायक संचालक श्री हरिओम सिंह जादौन सहित प्रभारी जिला संयोजक उपस्थित थे। कलेक्टर ने कहा कि पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति के अलावा अन्य कोई छात्रवृत्ति के वितरण में तत्काल सुधार करें। बजट ना हो तो शासन को भेजें क्योंकि प्रमुख सचिव छात्रवृत्ति के वितरण में विशेष ध्यान दे रहें हैं। अधिकारियों की अनदेखी के कारण छात्रवृत्ति वितरण संबंधी कोई भी केस समाधान में न पहुंचे। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण में एक भी प्रकरण लंबित न रहे, यह ट्राइबल विभाग सुनिश्चित करे।
