कभी सिंचाई हेतु पानी के लिए मोहताज जागेश्वर के खेत में बन रहा खेत तालाब
(कटनी) – जनपद पंचायत बड़वारा के ग्राम पंचायत गुड़ाकला में जागेश्वर भूमिया के खेत में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत खेत तालाब बन रहा है। इस खेत तालाब का निर्माण मनरेगा योजना के तहत किया जा रहा है। खेत तालाब बनने से जागेश्वर और उनका परिवार खुशी से फूले नहीं समा रहा हैं।
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए जागेश्वर बताते हैं कि मैं गरीब किसान हूँ। पहले खेती के लिए पूरी तरह से मानसून पर निर्भर रहना पड़ता था। जिस वर्ष अच्छी बारिश नहीं होती थी उस वर्ष सिंचाई के अभाव में फसलें सूख जाया करती थी। आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने की वजह से जल क्रय कर सिंचाई करना संभव नहीं हो पाता था। जिससे सारी मेहनत एवं पूँजी व्यर्थ चली जाती थी। पर अब खेत तालाब बनने से सिंचाई की समस्या दूर हो जाएगी। साथ ही मैं इस तालाब में मछली पालन भी कर सकूँगा। जिससे अतिरिक्त आमदनी होगी तथा आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इसके अलावा इस खेत तालाब को खुद सहभागिता कर तैयार करने हेतु काम करने से मुझे मनरेगा योजना के तहत मजदूरी भी प्राप्त हो रही है।
