कलेक्टर ने ग्राम मानपुर में नारियल एवं आंवले की उद्यानिकी खेती का किया निरीक्षण
‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के तहत कलेक्टर ने किया पौधरोपण
(अनुपपुर) कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जैतहरी जनपद के ग्राम मानपुर में श्री हरिनारायण खेड़िया द्वारा फल क्षेत्र विस्तार योजना के तहत दो हेक्टेयर में नारियल और दो हेक्टेयर में आंवले की जा रही उद्यानिकी खेती का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राही से नारियल और आंवले की खेती के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस संबंध में हितग्राही ने जानकारी दी कि उद्यानिकी विभाग द्वारा फल क्षेत्र विस्तार योजनांतर्गत प्रति हेक्टेयर 40 प्रतिशत का अनुदान प्रदाय किया गया है। जिसके सहयोग से 1500 नारियल एवं 1500 आंवले के पौधों का रोपण किया गया है।कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को हितग्राही श्री खेड़िया को नारियल के बेहतर उत्पादन के लिए मौसम अनुकूल सलाह देने के निर्देश दिए। हितग्राही के द्वारा 1500 नारियल और 1500 आंवले के पौधे लगाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री पंचोली ने ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के तहत नारियल के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। इस अवसर पर उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक श्री सुभाषचन्द्र श्रीवास्तव सहित विभागीय अमला उपस्थित रहे।
