पेंशन हितग्राही समग्र पोर्टल पर 31 अगस्त के पूर्व कराएं आधार ई-केवाईसी
आधार ई-केवाईसी नहीं होने पर बंद हो सकता है पेंशन का लाभ
(कटनी) – नगर निगम के योजना प्रभारी श्री रविशंकर पांडेय नें नगर निगम सीमान्तर्गत समस्त पेंशन हितग्राहियों को सूचित करते हुए कहा है कि ऐसे पेंशन हितग्राही जिन्होंने अब तक समग्र पोर्टल पर आधार ई-केवाईसी नहीं कराई है वे तत्काल एम.पी. ऑनलाइन, नगर निगम जोनल कार्यालय अथवा नगर निगम कार्यालय से संपर्क करते हुए समग्र पोर्टल पर आधार ई-केवायसी कराना सुनिश्चित करें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नगर निगम की पेंशन शाखा कक्ष क्रमांक 42 में संपर्क किया जा सकता है। योजना प्रभारी नें जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मंत्रालय द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने तथा अपात्र हितग्राहियों को पृथक करने हेतु समस्त हितग्राहियों की ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। ऐसी स्थिति में शासन द्वारा समस्त हितग्राहियों 31 अगस्त 2025 के पूर्व ई-केवाईसी कराने हेतु सूचित करने का निर्णय लिया गया है। आधार ई-केवाईसी नहीं कराए जाने की वजह से किसी भी पेंशन हितग्राही की पेंशन बंद (होल्ड) होने पर इसकी सम्पूर्ण जवाबदारी स्वयं हितग्राही की होगी।
