दो पहिया वाहन से हो रही थी गांजा की तस्करी, विजयराघवगढ़ पुलिस ने की धरपकड़
खिरवा नंबर एक के पास महानदी के नए पुल के समीप, 3 लाख 30 हजार कीमती गांजा सहित पकड़ा गया आरोपी, एक फरार
(विजयराघवगढ़) विजयराघवगढ़ पुलिस द्वारा नारकोटिक्स एक्ट के तहत बड़ी कार्यवाही की गई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से 21 किलो 600 ग्राम मादक ने पदार्थ गांजा कीमती 03 लाख 30 हजार रूपया एवं इलेक्ट्रानिक स्कूटी जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. संतोष डेहरिया व अनुविभागीय अधिकारी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निरीक्षक रीतेश शर्मा की पुलिस टीम ने रेड कार्यवाही करते हुये अवैध रूप से गांजा परिवहन करते आरोपी को पकड़ा जिसके कब्जे से मादक पदार्थ की खेप जब्त करते हुए आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही की गई।
रविवार को लगभग 3 बजे थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा लगातार नशीले पदार्थ बेचने वालों के विरूद्ध कार्यवाही कर नशा पर अंकुश लगाने के लिए निर्देशित किया जाता रहा है। इन्हीं आदेशों के परिपालन में रविवार को विजयराघवगढ़ पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
थाना प्रभारी द्वारा गठित सहायक उपनिरीक्षक जय सिंह ठाकुर, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक पप्पू प्रजापति, आरक्षक अमित शाह, आरक्षक चालक मज्जू कोल की टीम क्षेत्र भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के ग्राम खिरवा नम्बर 01 के पास बने नवीन महानदी पुल के पास दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में सफेद रंग के इलेक्ट्रॉनिक दो पहिया वाहन में आते दिखे। वाहन में पीछे बैठा व्यक्ति पुलिस को देखकर भाग निकला। वहीं पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो वाहन में रखी बोरी में गांजा मिला जिसकी तौल करने पर 21 किलो 600 ग्राम था। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम, पता बरही के ग्राम छिंदिया टोला निवासी कुदरत उर्फ गोकल पारधी पिता रोहान पारधी उम्र 20 वर्ष का होना तथा भागने वाले संदिग्ध व्यक्ति का नाम रंजन पारधी बताया। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी के कब्जे से लगभग 03 लाख 30 हजार रुपए कीमती गांजा एवं गांजा परिवहन में उपयोग किए गए दो पहिया वाहन को जब्त किया गया और धारा 8/20 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर आरोपी को कुदरत उर्फ गोकल पारधी को न्यायालय पेश किया गया। अन्य फरार आरोपी रंजन पारधी की पुलिस द्वारा तलास की जा रही है।
✍️ अजय त्रिपाठी
RPKP INDIA NEWS
विजयराघवगढ़

