बच्चों की दिव्यांगता पहचान के लिए 15 सितंबर से 14 नवम्बर तक लगेंगे स्क्रीनिंग शिविर
दिव्यांग बच्चों की शीघ्र पहचान व दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने हेतु बैठक सम्पन्न
(हरदा) जिले में 15 सितंबर से 14 नवम्बर तक स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें संभावित दिव्यांग बच्चों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित करें कि शिविर में सभी दिव्यांग बच्चों की जांच कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी नंबर जारी किये जायें ताकि उन्हें शासन की पेंशन व अन्य योजनाओं का लाभ मिल सके। चिन्हांकित दिव्यांगजन बच्चों के शिविरों के सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत सीईओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर में सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिये है। उन्होने जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी व उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री कमलेश सिंह को दिव्यांग बच्चों के प्रशिक्षण के लिये कार्य योजना बनाने के निर्देश भी बैठक में दिये। बैठक में जिला पंचायत के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रवीण इवने, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री कमलेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, जिला परिवहन अधिकारी श्री राकेश अहाके सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
