अधिकारी 80 प्रतिशत शिकायतों का शीघ्र करें निराकरण बैठक से अनुपस्थित प्रबंधक मार्कफेड को कारण बताओ नोटिस जारी
(मुरैना) प्रायःदेखा गया है कि मुरैना जिले की सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर सर्वाधिक शिकायतें प्रदर्शित हो रही हैं। इन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कम से कम 80 प्रतिशत शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।ये निर्देश उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, मुरैना में आयोजित टीएल बैठक के दौरान दिये। बैठक के दौरान प्रबंधक, मार्कफेड बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिसके चलते उनके विभाग की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा नहीं हो सकी। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला सीईओ ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।बैठक में अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, नगर निगम आयुक्त, समस्त एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद सीईओ तथा नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।सीईओ श्री भार्गव ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर उपायुक्त सहकारिता की 30 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने इन्हें दो दिवस के भीतर निराकृत करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान करें तथा उनके उत्तर पोर्टल पर अद्यतन करें। पूर्व टीएल बैठक में दिए गए निर्देशों के संदर्भ में नगर पालिकाओं में हेलीपेड निर्माण हेतु उपयुक्त स्थान चिन्हित कर जानकारी भेजने हेतु सभी सीएमओ को निर्देशित किया गया।श्री भार्गव ने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा, जिसकी थीम ‘वोकल फॉर लोकल’ होगी। इस दौरान विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ तथा शहरी क्षेत्रों के लिए नगर निगम आयुक्त होंगे। प्रत्येक जनपद में नमो पार्क एवं प्रत्येक शहर में नमो उपवन के निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश समस्त सीईओ व सीएमओ को दिए गए हैं। 17 सितम्बर से 20 सितम्बर तक सभी शैक्षणिक संस्थानों में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। पंचायत भवनों, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों एवं उप-स्वास्थ्य केन्द्रों में इस विषय से संबंधित बैनर एवं होर्डिंग लगाए जाएंगे। खादी भंडार द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। साथ ही, 17 सितम्बर को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
