मोतियाबिंद अंधत्व बैकलॉग फ्री अभियान का शुभारंभ विकासखंड रीठी से प्रारंभ होगा अभियान, घर-घर जाकर होगी जांच

Advertisement

(कटनी)  जिले को मोतियाबिंद अंधत्व बैकलॉग मुक्त बनाने के उद्देश्‍य से सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट द्वारा जिला चिकित्सालय में अंतरराष्ट्रीय संस्था साइटसेवर्स इंडिया के सहयोग से संचालित नेत्रवसंत ग्रामीण नेत्र स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मोतियाबिंद अंधत्व बैकलॉग मुक्त अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान डॉ. रमेश कुमार वर्मा, सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी एस एस मरावी एवं राजेश सिंह मौजूद रहे। इस अभियान में सदगुरु नेत्र चिकित्सालय की टीम द्वारा घर-घर जाकर 50 वर्ष एवं उससे अधिक उम्र के लोगों की नेत्र जांच की जाएगी एवं मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन सदगुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट में किया जाएगा। इस हेतु सर्वप्रथम कटनी जिले के आकांक्षी विकासखंड रीठी का चयन किया गया। कार्यक्रम में सदगुरु नेत्र चिकित्सालय के विभाग प्रमुख सुभीश कुइयादियिल ने सदगुरु नेत्र चिकित्सालय द्वारा कटनी जिले में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला साथ ही मोतियाबिंद अंधत्व बैकलॉग फ्री अभियान में की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। सिविल सर्जन डॉक्टर वर्मा ने मोतियाबिंद अंधत्व एवं मोतियाबिंद बैकलॉग अंधत्व के बारे में जानकारी दी। सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ने अभियान के लिए कटनी जिले के चयन के लिए आभार व्यक्त किया एवं अभियान में पूर्ण सहयोग करने हेतु आश्वस्त किया।  इसके अतिरिक्‍त साइटसेवर्स इंडिया के टेक्निकल डायरेक्टर सुदीप्ता मोहंती ने साइटसेवर्स इंडिया द्वारा नेत्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया एवं अगले 2 वर्षों में पूरे कटनी जिले को मोतियाबिंद अंधत्व बैकलॉग मुक्त करने का लक्ष्य रखा। कार्यक्रम का संचालन परमानंद गुप्ता एवं पधारे हुए अतिथियों का आभार डॉ विजय सिंह द्वारा व्यक्त किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें