घुमंतू मवेशियों पर निगरानी : निगमायुक्त के निर्देश पर हांका गैंग सक्रिय
आधा दर्जन से भी अधिक मुख्य मार्गों में विशेष अभियान चलाकर 253 मवेशियों को हटाया गया
(कटनी) निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर शहर के मुख्य मार्गों में घुमंतू मवेशियों के विचरण पर अंकुश लगाकर नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के लिए निगम की हांका गैंग सक्रिय हो गई है। जिसके तहत शनिवार देर रात नगर के 7 प्रमुख मार्गों सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर लगभग 245 घुमंतू मवेशियों को हांका लगाते हुए नगरीय सीमा से बाहर किए जाने की कार्यवाही की गई। जबकि बाजार क्षेत्र से 8 मवेशियों को पकड़कर काऊ कैचर वाहन से कांजी हाउस भेजा गया।

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि घुमंतू मवेशियों की वजह से यातायात और नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इन मार्गों पर चला अभियान

स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार शनिवार रात्रि मिशन चौक से आजाद चौक होते हुए जालपा मंदिर पहुंच मार्ग, पन्ना मोड़ से साईं मंदिर होते हुए गल्ला मंडी रोड, इंदिरा नगर तिराहा, कलेक्ट्रेट कार्यालय से झिंझरी, जिला न्यायालय मार्ग, न्याय निकुंज से पीर बाबा एवं सत्य नारायण मंदिर मार्ग से दुर्गा चौक सहित स्टेशन रोड मुख्य मार्ग में अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात में बाधक बन रहे 8 मवेशियों को सुरक्षित पकड़कर कांजी हाउस भेजने की कार्यवाही की गई। जबकि गल्ला मंडी से पन्ना मोड़ के लगभग 150 मवेशियों, कलेक्ट्रेट से पीरबाबा के लगभग 60 मवेशियों और सत्यनारायण मंदिर से दुर्गा चौक तक के लगभग 35 मवेशियों को हांका लगाते हुए नगरीय सीमा के बहार किया गया। पशुपालकों को सूचित किया गया है कि वे इस अभियान में सहयोग प्रदान करते हुए अपने मवेशियों को सार्वजनिक मार्गों में विचरण करने ना छोड़ें।
