नवरात्रि पर्व पर सुगम आवागमन की व्यवस्थाओं हेतु नगर निगम व यातायात ने चलाया संयुक्त अभियान
शहर के बाजार क्षेत्र में पैदल मार्च करते हुए आवागमन बनाए रखने किया आग्रह
विपरीत स्थितियों से निपटने हेतु दुर्गा समितियों के पदाधिकारियों से संवाद कर दी गई आवश्यक जानकारी
(कटनी) नवरात्रि पर्व के दौरान नगर की सुगम यातायात व्यवस्था के मद्देनजर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नगर के जुलूस मार्गों,मुख्य मार्गों सहित बाजार क्षेत्रों से अस्थाई अतिक्रमण हटाते हुए आवागमन व यातायात व्यवस्था बनाये रखने हेतु अभियान चलाकर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाकर नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मुहैया कराया जा सके।

उक्त निर्देश के परिपालन में शनिवार को नगर निगम के अतिक्रमण विभाग व यातायात विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जुलूस मार्गों में पैदल मार्च करते हुए यातायात व्यवस्था को प्रबंधित करने का प्रयास किया जाकर दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए मानव हितों को ध्यान में रखते हुए विपरीत परिस्थितियों जैसे आगजनी,भगदड़ की स्थितियों से निपटने की तैयारियों हेतु निरीक्षण किया जाकर आपातकालीन नंबर,एवं सुरक्षा एवं बचाव से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई साथ ही स्वच्छता बनाए रखने का अनुरोध भी किया गया।

अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेन्द्र सिंह ने बताया है कि नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार पर्वों के दौरान नगर की सुगम यातायात व्यवस्था के मद्देनज़र अभियान चलाकर पैदल मार्च करते हुए कार्यवाही की गई है, साथ ही इस दौरान शहर की दुर्गा समितियों से भी चर्चा की जाकर सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम रखने के साथ ही शहर में स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह भी किया गया है।नवरात्रि पर्व में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो इस हेतु यह कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

कार्यवाही के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह,ट्रैफिक टी.आई राहुल पांडेय सहित अतिक्रमण टीम व ट्रैफिक पुलिस की टीम मौजूद रही।
