दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन व दशहरा चल समारोह की व्यवस्थाओं हेतु निगमायुक्त सुश्री परिहार ने आदेश जारी कर अधिकारियों को सौंपे दायित्व

सौंपी गई व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने दिए निर्देश

(कटनी)  नगर में विराजित दुर्गा प्रतिमाओं व जवारा विसर्जन एवं दशहरा चल समारोह के दौरान नगरपालिक निगम कटनी द्वारा सभी आवश्यक कार्य व्यवस्थाओं को समय में पूर्ण किए जाने हेतु निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने एक आदेश जारी कर अधिकारी कर्मचारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे हैं।दशहरा चल समारोह बुधवार 1 अक्टूबर को सायंकाल स्टेशन रोड कमानिया गेट के पास से प्रारंभ होगा जो कि सुभाष चौक, झंडा बाजार, शेर चौक, आजाद चौक होते हुये मोहन घाट, गाटर घाट पहुंचेगा, जहां पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जावेगा।

निगमायुक्त सुश्री परिहार ने उपायुक्त शैलेश गुप्ता को प्रभारी अधिकारी एवं प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा,राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक को सहायक प्रभारी अधिकारी बनाते हुए संपूर्ण कार्य व्यवस्थाओं को संबंधित विभागों से समन्वय बनाते हुए अपने मार्गदर्शन में समय पर पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत् दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु निर्धारित स्थानों पर विसर्जन जलकुण्ड बनाते हुए नदी,तालाब में विसर्जन न करते हुए सभी प्रतिमाऐं जलकुण्ड में ही विसर्जित करने के साथ ही केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नई दिल्ली एवं माननीय राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों मार्गदर्शिका का पालन करते हुए विसर्जन कुण्ड बनाने ,सभी विसर्जन कुण्ड के चारों ओर एवं प्रतिबंधित विसर्जन स्थल जैसे-कटायेघाट, मसुरहा घाट, अमीरगंज तालाब के पास पर्याप्त बैरिकेटिंग करने व आवागमन हेतु मुख्य मार्गों, चल समारोह मार्ग एवं प्रतिमा विसर्जन स्थल के पहुंच मार्गों के गड्ढों की आवश्यक मरम्मत कराने के साथ विसर्जन स्थलों पर ड्यूटी करने वाले अधिकारी, कर्मचारी हेतु पंडाल, कुर्सी, सोफा, टेबिल तथा माईक-साउंड आदि की व्यवस्था करने,विसर्जन स्थलों पर सुविधाजनक पटरे लगाये जाने,सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से निर्धारित विसर्जन स्थल पर कटनी सेवा समिति के तैराक व होमगार्ड के जवान तैराक, गोताखोर, लाईफ जैकेट, मोटर बोट की समुचित व्यवस्था हेतु नगर निगम, कटनी द्वारा भी पत्र प्रेषित करने तथा संबंधित शाखाओं व विभाग से समन्वय बनाकर वाच टॉवर रखवाये जाने हेतु प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा,सहायक यंत्री अनिल जायसवाल,सुनील सिंह सहित उपयंत्रियों को दायित्व सौंपे हैं।

इसी प्रकार दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु समस्त विसर्जन स्थल-जलकुण्डों, आवागमन मार्गों, जुलूस मार्ग में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ ही मुख्य स्थानों पर वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था करने,विद्युत मंडल के सहयोग से जुलूस मार्ग के झूलते तारों को व्यवस्थित किए जाने के साथ-साथ पूर्व वर्षों की भांति जुलूस मार्ग पर ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था करने व सभी विद्युत वाहन दुरुस्त रखते हुये वाहन चालक, विद्युत मिस्त्री, सहयोगी समन्वय बनाकर विभागीय उत्तरदायित्व को समय पर पूर्ण कराए जाने हेतु प्रभारीं कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ,सहायक यंत्री आदेश जैन,उपयंत्री मोना करेरा सहित अन्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई है।

वहीं मूर्तियों के विसर्जन हेतु केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों व मार्गदर्शिका के अनुसार कार्यवाही करते हुए समस्त विसर्जन कुण्डों, पहुंच मार्गों एवं जुलूस मार्ग की विशेष साफ-सफाई, चूने की लाईनिंग, कीटनाशक दवा का छिड़काव ,निर्धारित सभी विसर्जन कुण्डों में वार्ड दरोगा एवं सफाई कर्मचारियों की नामजद ड्यूटी लगाने तथा दशहरा चल समारोह में आवारा जानवरों की रोकथाम व नियंत्रण हेतु कर्मियों की ड्यूटी लगाते हुए जुलूस मार्ग में उपयुक्त स्थल पर स्वच्छ चलित शौचालय रखवाने हेतु प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को दायित्व सौंपते हुए सभी स्वच्छता निरीक्षक व वार्ड दरोग़ाओं की ड्यूटी लगाई गई है।

जबकि पेयजल की समुचित व्यवस्था व मूर्तियों  के विसर्जन हेतु निर्धारित सभी जलकुण्डों में पानी भराए जाने के साथ जलकुण्ड में पानी की कमी होने पर तत्काल पानी की पर्याप्त व्यवस्था समय पर कराने हेतु उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई है ,इसके अतिरिक्त दशहरा पर्व 1 अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल कक्ष में फायर ब्रिग्रेड वाहन मय स्टाफ उपलब्ध कराते हुए अन्य सभी फायर वाहन मय स्टाफ के तैयार रखते हुए किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम में देने हेतु उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव को दायित्व सौंपते हुए अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

वहीं नवरात्र पर्व पर यातायात विभाग के साथ वाहनों की पार्किंग एवं मार्ग व्यवस्थित कराते हुए जुलूस मार्ग के किनारे पट्टियों या चबूतरों में किये गये अतिक्रमण को हटाने,जीर्ण शीर्ण एवं जर्जर मकानों के छज्जों पर नागरिकों के बैठने पर प्रतिबंध लगाने के तथा ऐसे जर्जर मकानों का सर्वे कराकर बोर्ड लगाने एवं विसर्जन स्थल, जुलूस मार्ग ,चल समारोह में निरंतर पेट्रोलिंग करते हुए अस्थाई अतिक्रमण हटाए जाने हेतु अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अतिक्रमण दस्ते की ड्यूटी लगाई गई है।

इसके अतिरिक्त विसर्जन स्थलों पर हाईड्रा, जेसीबी, अन्य मशीनरी समय पर उपलब्ध कराने,प्रतिमाओं के विसर्जन उपरांत सभी कुंडों की फिलिंग कराने,प्रमुख स्थानों पर, संबंधित विभाग से समन्वय बनाकर वाच टॉवर रखवाने व  दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु निर्धारित स्थलों में निर्मित होने वाले जलकुण्डों के आकार की तिरपाल एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन केवल जलकुण्ड में ही होगा तथा प्रतिबंधित स्थलों पर प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं होगा इस संबंध में बैनर बनवाने, आवश्यकतानुसार चिन्हित स्थानों पर सी.सी.टी.व्ही. कैमरे इत्यादि की व्यवस्था किए जाने हेतु विभागीय अधिकारी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें