निगम में कार्यरत कर्मचारियों का एमपी अटेंडेंस पोर्टल पर पंजीयन कर तीन दिवस में प्रस्तुत करें प्रमाण पत्र – उपायुक्त श्री गुप्ता
(कटनी) – निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता द्वारा निगम में कार्यरत समस्त विभाग प्रमुखों को स्वयं एवं अधीनस्थ कार्यरत समस्त नियमित, विनियमित, फिक्स वेतन, दैनिक वेतन, आउटसोर्स कर्मचारियों का एमपी अटेंडेंस पोर्टल पर पंजीयन कराते हुए पंजीकृत कर्मचारियों की सूची सहित उक्त आशय का प्रमाण पत्र तीन दिवस में मुख्य स्थापना शाखा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। निर्धारित समयावधि में प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों का माह सितम्बर 2025 का वेतन भुगतान नहीं किया जावेगा।
उपायुक्त श्री गुप्ता द्वारा जारी आदेश में उल्लेखित किया गया है कि संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार, निकाय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी एवं प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, एकरूपता एवं प्रभावी बनाए जाने के उद्देश्य से एनआईसी द्वारा विकसित एमपी अटेंडेंस पोर्टल के प्रयोग को अनिवार्य किया गया हैै। जिसके अंतर्गत कार्यालय में आधार आधारित ए.ई.बी.ए.एस उपस्थिति प्रणाली को लागू किया जाना है। तत्संबंध में निकाय में कार्यरत समस्त नियमित, विनियमित, दैनिक वेतन, फिक्स वेतन एवं आउटसोर्स कर्मचारियों का https://mpurban.attendance.gov.in/ पोर्टल पर पंजीयन कराये जाने हेतु पूर्व में निर्देश जारी किये गये हैं।
