दूसरों के साथ खुशियां बांटकर मनाए दीपावली का त्यौहार-कलेक्टर
(सतना) कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि दीपावली का पर्व निकट है। भारतीय समाज में यह आनंद व समृद्धि का त्यौहार माना जाता है। जहां हर कोई अपने सामर्थ्य अनुसार इस पर्व को मनाता है। इसी के साथ यह भी सच्चाई है कि अभी भी हमारे समाज में अनेक परिवार ऐसे हैं जिनके पास इस समृद्धि के पर्व पर कुछ भी नया करने या उत्साह से मनाने के लिये आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हो पाता है। राज्य आनंद संस्थान अपने कार्यक्रमों में मदद को प्रोत्साहित करता है, जिसमें हम अपनी आवश्यकता से अधिक वस्तुओं को दूसरों के उपयोग करने के लिए दे देते हैं। दीपावली का पर्व मदद की अवधारणा को अपनाने का एक बेहतर अवसर प्रदान करता है। इस संदर्भ में हर घर दिवाली अभियान का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत आनंदकों के सहयोग से नगर में लोगों से संपर्क कर उनसे आग्रह किया जाएगा कि वे शहरों के संसाधन विहीन बस्तियों में रहने वाले घरों में भी दीपावली का पर्व अच्छे से मने, इसके लिए उन्हें अपने घरों या अन्य स्त्रोत से अतिरिक्त सामग्री प्रदान करें। राज्य आनंद संस्थान इस दीवाली पर भी हर घर दीवाली अभियान चलया जा रहा है। इस अभियान में हम आनंदक, सहयोगी, आनंद क्लक के पदाधिकारी मिलकर अथवा व्यक्तिगत स्तर पर लोगों से संपर्क में रहें। उनसे अपने आस-पडोस में साधन विहीन घरों में दिवाली के अवसर पर कुछ न कुछ सहयोग देने का कार्यक्रम बना सकते हैं। यह देने की खुशी का बेहतरीन अनुभव प्राप्त करने का समय है।
