गमगीन माहौल में पनिहाई मुक्तिधाम में हुआ अंतिम संस्कार, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने दिया अर्थी को कंधा

Advertisement

पोस्टमार्टम के बाद निज निवास कैमोर पहुंचा नीलू रजक का शव, क्षेत्र में शोक की लहर, नम आंखों से लोगों ने दी विदाई

(विजयराघवगढ़) कैमोर गोलीकांड में मृत हुए बजरंग दल के पूर्व गौ सेवा प्रमुख नीलेश रजक के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद गमगीन माहौल में उनका शव उनके निवास पहुंचा। यहां से पनिहाई मुक्तिधाम के लिए शव यात्रा निकली जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर अश्रुपूरित विदाई दी। नीलेश रजक की अर्थी को विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कंधा दिया। इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने उनकी पार्थिव देह पर भाजपा का ध्वज अर्पित किया। “नीलू रजक अमर रहें” के नारों और भारी जनसैलाब के बीच नीलू रजक को अंतिम विदाई दी गई। उनके 11 वर्षीय पुत्र ने पिता की अर्थी के आगे चलकर सभी को भावुक कर दिया।

पूरे कैमोर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कल से ही पुलिस बल तैनात था और आज भी शहर में कर्फ्यू जैसे हालात रहे। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने कैमोर नगर में कर्फ्यू लागू कर दिया है। शहर के हर कोने पर पुलिस का पहरा है और पूरा कैमोर छावनी में तब्दील हो गया है।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए आईजी के निर्देशन में पाँच जिलों जबलपुर, कटनी, रीवा, सतना और नरसिंहपुर की पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। जहां डीआईजी, एसपी, एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे, टी आई रितेश शर्मा सहित लगभग 500 पुलिस अधिकारी कर्मचारी चौकसी में जुटे हुए हैं। थाना विजयराघवगढ़ एवं कैमोर क्षेत्र के भीतर किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अशांति या तनाव न फैल सके। सुबह से ही सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में लोगों की खासी भीड़ जमा रही।

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने अस्पताल पहुंचकर खुले शब्दों में कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी भले ही हो चुकी है लेकिन उनको संरक्षण देने वालों को भी नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा नीलेश रजक के परिवार को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। आरोपियों के मकान तो जमींदोज होंगे ही इसके अलावा जो लोग भी अवैध कब्जा करने मकान बना कर रह रहे हैं और अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं उनके भी मकानों को प्रशासन द्वारा चिन्हित कर लिया गया है। आरोपियों और उनके संरक्षकों पर कड़ी कार्यवाही कराने की बात विधायक श्री पाठक द्वारा कही गई। इसके बाद विधायक श्री पाठक की मौजूदगी में मृतक नीलू रजक के शव का परीक्षण कराया गया। शव परीक्षण करने के लिए चार से अधिक डॉक्टरों की टीम लगाई गई थी।

पीएम के बाद शव को मृतक के निज निवास कैमोर के लिए रवाना किया गया। शाम लगभग साढ़े 4 बजे नीलू रजक की अंतिम यात्रा निकाली गई जो मुक्ति धाम पहुंची। यहां हजारों की संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकार गण, नगरवासी, शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी अंतिम संस्कार में शामिल हुए एवं विनम्र श्रद्धांजलि दी।

✍️ जागेश्वर मिश्रा
आरपीकेपी इंडिया न्यूज
विजयराघवगढ़

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें