जिले की सभी प्राथमिक शालाओं में हुआ एफ एल एन मेले का आयोजन : छात्र-छात्राओं ने की उत्साह पूर्वक सहभागिता.
(जबलपुर) राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश अनुसार जिले की सभी 1 हजार 525 प्राथमिक शालाओं में आज गुरुवार को बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) पर आधारित मेले का आयोजन किया गया। एफएलएन मेलों का शुभारंभ दीपप्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं पूजन के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं सहभागिता करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। जिला परियोजना समन्वयक राज्य शिक्षा केन्द्र योगेश शर्मा ने बताया कि एफ एल एन मेलों में सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों के माता-पिता ने भी मेलों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, जल प्रदूषण रोकने,जल संरक्षण संबंधित, बुनियादी कौशल पर आधारित जानकारी प्रदान की गई। बच्चों ने विभिन्न आनंदमयी गतिविधियों एवं खेलों के माध्यम से बुनियादी दक्षता एवं कौशल सीखा। जिला परियोजना समन्वयक ने बताया कि एफ एल एन मेले में व्यायाम, खेलकूद, आर्ट एंड क्राफ्ट, ड्राइंग, पेंटिंग, किचन गार्डनिंग, मूलभूत दक्षताओं पर आधारित गतिविधियां , पीयर लर्निंग, बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान पर आधारित खेल एवं शारीरिक कौशल पर आधारित गतिविधियां कराई गई तथा इनके माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवन शैली की जानकारी साझा की गई। योग, व्यायाम, प्राणायाम खेलकूद कराए गए। एफएलएन ( बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान) और पीयर लर्निंग सत्र में विभिन्न गतिविधियों एवं खेल के रूप में शामिल किया गया। मेले के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य खेल-खेल में बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है। मेलें में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों,बखेलकूद के माध्यम से कौशल प्रदर्शन और शारीरिक संतुलन, समन्वय सीखा। विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक एवं अभिभावक भी मेले में उपस्थित रहे। जिले के एपीसी, बीआरसी, बीएसी, जन शिक्षकों ने एफएलएन मेलों का निरीक्षण किया।
